August 28, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रोजगार कार्यालय में युवाओं का हुजूम, एक अप्रैल से हर महीने खाते में आएंगे 25 सौ रुपये

रायपुर। राजधानी के रोजगार कार्यालय में युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। अवसर था, नौकरी हासिल करने का। दरअसल, दो एजेंसियों द्वारा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया था। इसे लेकर युवाओं में काफी उत्साह था। वे अपनी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों से जुड़े सारे दस्तावेज लेकर यहां पहुंचे थे।

डामिनोज और कारोहम एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से अकाउंटेंट्स और गेस्ट डिलाइट एसोसिएट्स के विभिन्ना पदों पर भर्ती के लिए पंजीयन कराने के लिए युवा कतार में लगे रहे। डोमिनोज कंपनी द्वारा प्रशिक्षण के पहले ही दिन से वेतन और हर दो माह में प्रमोशन के दिए गए प्रस्ताव ने युवाओं को आकर्षित किया। रायपुर जिले के लगभग 250 युवाओं ने पंजीयन कराया। अगले चरण में एजेंसियों उन्हें शार्टलिस्ट कर परीक्षा लेंगी।

प्लेसमेंट कैंप के लिए रोजगार कार्यालय का आरक्षित कमरा पूरी तरह भरा हुआ था। यहां पहुंचे युवाओं का उद्देश्य नौकरी पाता तो था ही, साथ ही वे रोजगार कार्यालय में पंजीयन व नवीनीकरण कराने के लिए भी आए थे, क्योंकि राज्य सरकार ने बजट में बेरोजगार युवाओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने के लिए अलग से प्रविधान किया है।

10-25 हजार रुपये मासिक वेतन

इस प्लेसमेंट कैंप में युवाओं को प्रशिक्षण देने से लेकर नौकरी दिलवाने तक के लिए एजेंसियां तत्पर दिखीं। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, स्नातक पास के साथ ही टैली की जानकारी मांगी गई थी। इसके आधार पर युवाओं को 10 हजार से लेकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

क्या कहा युवाओं ने

मनीष शंकर पटेल

बलौदाबाजार से आए मनीष शंकर पटेल ने बताया कि वे कई दिनों से प्लेसमेंट कैंप में आ रहे हैं। आज भी पहुंचे हैं। इन्होंने आइटीआइ (कोपा) किया है। उन्होंने अकाउंटेंट की नौकरी के लिए दस्तावेज दिखाए हैं।

जयंती नायक

रायपुर निवासी जयंती नायक ने बताया कि वे टैली और एमएस आफिस में पारंगत हैं। वे भी अकाउंटेंट की नौकरी के लिए आई हैं। उन्होंने आवेदन और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब शार्टलिस्ट किए जाने का इंतजार है।

महेश्वर वर्मा

रायपुर निवासी महेश्वर वर्मा ने बताया कि उन्होंने कंप्यूटर साइंस से डिप्लोमा किया है। टैली की भी उन्हें जानकारी है। प्रशिक्षण की बात सुनने के बाद उन्होंने पंजीयन कराया है। उम्मीद है कि उन्हें मौका अवश्य मिलेगा।