सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के परसथुआ थाना क्षेत्र में बच्चों को लेकर पर्यटन क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने निकली एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में दो शिक्षकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 12 के करीब स्कूली बच्चे घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कैमूर जिले के चैनपुर के मध्य विद्यालय, बढ़ौना के बच्चों और शिक्षकों को लेकर एक बस एजुकेशनल टूर पर निकली थी। पटना जा रही यह बस सोमवार की देर रात परसथुआ थाना इलाके के सोहसा गांव के पास एनएच 319 पर अनियंत्रित हो गई। बस पर से चालक का नियंत्रण हट गया और एक ट्रक से जा टकराई। इस दुर्घटना में दो शिक्षकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य शिक्षक और एक दर्जन बच्चे घायल हो गए।
परसथुआ के थाना प्रभारी रामचंद्र चौपाल ने न्यूज़ एजेंसी को मंगलवार को बताया कि इस बस में कुल 36 स्कूली बच्चे और सात शिक्षक सवार थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। इस दुर्घटना में घायल सभी लोगों को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भेजा गया है। सभी घायल लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान भी हो गई है, इनमें पुनीत कुमार सिन्हा, जो कि यूपी के मिर्जापुर जिले के बगहवा गांव के रहने वाले थे और संजय कुमार राय, जो कि भभुआ के चैनपुर थाने के भैसहट गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना का कारण बस चालक की झपकी आना प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

More Stories
स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा! कर्मचारी की मौत के बाद गेट पर शव रखकर धरने पर बैठे परिजन, मुआवजे की मांग तेज
अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आएगी और तेजी, कानून का उल्लंघन करने वालों पर होगी विधिसम्मत कार्रवाई
बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा बड़ा विस्तार, 7 करोड़ से बदलेगा महारानी अस्पताल का स्वरूप