भोपाल/उज्जैन, मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान भगदड़ जैसे हालात बन गए। करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और एक-दूसरे पर गिरने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को उज्जैन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश को छुट्टी दे दी गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।’
पुलिस के अनुसार नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए करीब 40 हजार श्रद्धालु कतार में लगे थे। भारी भीड़ के कारण बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ गया। इसी दौरान करंट फैलने की अफवाह से लोग घबरा गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। दबाव बढ़ने से बैरिकेडिंग के पास कुछ श्रद्धालु गिर गए, जिसके चलते कई लोगों को चोटें आईं।
घटना में घायल श्रद्धालुओं ने भीड़ प्रबंधन में लापरवाही और मदद मिलने में देरी के आरोप लगाए। एक घायल श्रद्धालु ने बताया कि वह कई घंटे कतार में रहने के बाद हरसिद्धि चौराहे तक पहुंचा था। वहां भीड़ बढ़ने के दौरान अचानक बैरिकेड खोल दिए गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। उसके दोनों पैर बैरिकेड के नीचे दब गए और एक पैर में फ्रैक्चर हुआ।
एक अन्य श्रद्धालु ने आरोप लगाया कि भीड़ के बीच वीआईपी दर्शन भी जारी थे। वहीं ग्वालियर से आई एक महिला ने बताया कि भगदड़ में उसकी बेटी घायल हो गई और उसके दांत टूट गए। बेहोश होने के बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
इस बीच अस्पताल में किसी श्रद्धालु के भर्ती नहीं होने संबंधी दावों पर भी सवाल उठे। उज्जैन निवासी मनोहर भावसार ने बताया कि उनके परिचित का बच्चा महाकाल मंदिर परिसर की घटना में घायल हुआ और उसे एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।
नागपंचमी और सावन सोमवार के संयोग के चलते महाकालेश्वर मंदिर के शीर्ष तल पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट रविवार मध्यरात्रि को खोले गए थे। यह मंदिर वर्ष में केवल एक बार नागपंचमी के अवसर पर 24 घंटे के लिए श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाता है। दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे हैं।
पुलिस के मुताबिक अब तक करीब साढ़े पांच लाख श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।

More Stories
रात के अंधेरे में सागौन की तस्करी! जंगल से निकल रहा था लकड़ी से लदा पिकअप, 26 लट्ठों के साथ पकड़ा गया
लड़की की आवाज में बात, शादी का झांसा और फिर ठगी! जांजगीर-चांपा में साइबर गैंग का भंडाफोड़, ऐसे बनाते थे शिकार
भारत की कॉरपोरेट कमाई का 60% से ज्यादा हिस्सा इन 5 कारोबारी घरानों के पास! अडानी-अंबानी के साथ ये नाम भी चौंकाएंगे