महासमुंद। एनालॉग पनीर के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए प्रशासन की संयुक्त टीम ने महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में देर रात कार्रवाई की। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश और एसडीएम अक्षा गुप्ता के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की टीम ने रात करीब 12 बजे संस्थान में दबिश दी।
करीब तीन घंटे चली जांच के दौरान मौके पर पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। पनीर की गुणवत्ता और इसके निर्माण में इस्तेमाल सामग्री को लेकर संदेह होने पर टीम ने लगभग 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया।
मध्यरात्रि में चल रहा था पनीर निर्माण
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों की टीम वैद्य फूड पहुंची। जांच में पनीर निर्माण से संबंधित प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई।
अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध खाद्य सामग्री और निर्माण प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक तथ्य दर्ज किए। बाद में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए पनीर का नमूना लिया गया।
रायपुर की प्रयोगशाला में होगी जांच
प्रशासन के अनुसार, पनीर का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

More Stories
E20 पेट्रोल से परेशान उपभोक्ता, AAP के छत्तीसगढ़ टाउनहॉल में लोगों ने साझा किए अनुभव
विश्राम गृह बना अधिकारियों का आशियाना, लगे गंभीर आरोप
किसडी पंचायत भवन में झंडा फहराने के दौरान सरपंच से जातिगत भेदभाव