March 14, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मीशो का आईपीओ जल्द ही शेयर बाजार में, जानिए कब होगी लिस्टिंग और क्या है प्लान

Meesho IPO news: ई-कॉमर्स दिग्गज मीशो आईपीओ मार्केट में एंट्री के लिए तैयार है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो दिसंबर के महीने में आईपीओ की लॉन्चिंग हो सकती है। उद्योग जगत के एक सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया कि रोड शो और निवेशकों के साथ चर्चा के बाद मीशो ने अब मूल्यांकन तय कर लिया है और जल्द ही लिस्टिंग के लिए तैयार है।

एक अन्य सूत्र ने कहा कि मीशो दिसंबर की शुरुआत में अपना आईपीओ लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसने जुलाई में गोपनीय तरीके से सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए थे, जिसके बाद 18 अक्टूबर को यूडीआरएचपी-1 (अपडेट ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) दाखिल किया गया था। यूडीआरएचपी-2 जल्द ही दाखिल किया जाएगा।

क्या है आईपीओ डिटेल?

मीशो ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 4,250 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। प्रस्तावित आईपीओ में 4,250 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू और कुछ मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 17,56,96,602 इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। बिक्री के प्रस्ताव में मीशो के कुछ शुरुआती निवेशकों द्वारा इक्विटी शेयरों की बिक्री शामिल है, जिनमें एलिवेशन, पीक एक्सवी, वेंचर हाईवे और वाई कॉम्बिनेटर शामिल हैं। माना जा रहा है कि मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी का लगभग पांच-सात प्रतिशत बेचने पर विचार कर रहे हैं। कोटक इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, जेपी मॉर्गन, एक्सिस कैपिटल, सिटी और मॉर्गन स्टेनली बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।

आईपीओ के पैसे का क्या होगा?

आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल मीशो की सब्सिडयरी मीशो टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (एमटीपीएल) में क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए निवेश पर होगा। एमटीपीएल द्वारा किए जा रहे एआई और टेक्नोलॉजी ग्रोथ के लिए मशीन लर्निंग, एआई और टेक्नोलॉजी टीमों के लिए हमारी मौजूदा और प्रतिस्थापन नियुक्तियों के वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा मार्केटिंग और ब्रांड पहलों पर व्यय के लिए एमटीपीएल में निवेश किया जाएगा।