June 27, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रायपुर बना देश में नंबर-1: 15 हजार से ज्यादा ऑटो-ई-रिक्शा पर लगा QR कोड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट और यातायात सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। शहर में चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को डिजिटल पहचान देने की दिशा में शुरू की गई पहल ने अब विश्व रिकॉर्ड का रूप ले लिया है। रायपुर देश का पहला जिला बन गया है जिसने इतनी बड़ी संख्या में पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहनों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन कर इतिहास रच दिया है।

यातायात कार्यालय परिसर कालीबाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

15 दिन में 15,047 वाहनों का रजिस्ट्रेशन

रायपुर पुलिस और ऑटो यूनियनों के संयुक्त प्रयास से मात्र 15 दिनों के भीतर 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीयन पूरा किया गया। इसी उपलब्धि के कारण रायपुर का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।

इस उपलब्धि के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक की पूरी जानकारी

अब शहर में चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा में एक विशेष क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री सफर शुरू करने से पहले या यात्रा के दौरान मोबाइल कैमरे से इस कोड को स्कैन कर वाहन और चालक की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

QR कोड से यात्रियों को होंगे ये फायदे:

  • चालक और वाहन की पहचान तुरंत हो सकेगी।
  • यात्रा के दौरान सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
  • कोई सामान वाहन में छूट जाने पर चालक से संपर्क करना आसान होगा।
  • संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिलेगी।
  • पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनेगा।

बिना QR कोड वाले ऑटो से यात्रा करने से बचें

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा का ही उपयोग करें। इससे यात्रा अधिक सुरक्षित होगी और किसी भी आपात स्थिति में वाहन की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

अगले चरण में मिलेगा परिचय पत्र और चिन्हित होंगे स्टैंड

रायपुर पुलिस की योजना के तहत आने वाले समय में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही शहर के प्रमुख ऑटो स्टैंड का चिन्हांकन कर यात्रियों और चालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जागरूकता के लिए चलाई जाएगी विशेष मुहिम

कार्यक्रम के दौरान यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों को सोशल मीडिया, एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा ताकि शहर में सुरक्षा और जागरूकता का स्तर और बेहतर हो सके।

रायपुर पुलिस की यह पहल केवल यातायात व्यवस्था को मजबूत नहीं करेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को भी नई दिशा देने का काम करेगी।