April 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

6 लोगों को देश की बड़ी यूनिवर्सिटी की फर्जी आंसर शीट और डिग्री के साथ गिरफ्तार

जयपुर. बताया जा रहा है कि आरोपी के और भी कई ठिकाने हो सकते हैं। ऐसे में कई पुलिस टीम जयपुर व दूसरे जिलों में सर्च कर रही हैं।
उदयपुर में चल रहे पेपर लीक का मामला अब जयपुर पहुंच चुका है। मंगलवार रात जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 6 लोगों को देश की बड़ी यूनिवर्सिटी की फर्जी आंसर शीट और डिग्री के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी छह लोग पेपर लीक के मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण के परिवार के सदस्य और एक उसकी गर्लफ्रेंड हैं।
अब तक की पूछताछ में गिरफ्तार परिवार के सदस्यों ने बताया- डिग्रियां बेचकर भूपेंद्र करोड़ों कमा रहा था। आरोपी के मानसरोवर के मकान से 12 बोरियों में भरी इतनी डिग्रियां मिलीं कि पुलिस भी हैरान रह गई। सभी ऑरिजनल जैसी थीं। पुलिस भी दोनों में फर्क नहीं कर पाई। बताया जा रहा है कि इन डिग्रियों के जरिए कई लोग सरकारी नौकरी में लगे हैं।
एडिश्नल पुलिस कमिश्नर अजयपाल लांबा ने बताया कि भूपेंद्र सारण की शह में परिवार के छह लोगों ने धंधा चला रखा था। इनके पास जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान तक के कई कॉलेजों और यूनिवर्सिटी की डिग्रियां हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा गिरोह कई राज्यों में फैला हो सकता है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि कुछ डिग्री ऐसी भी मिली हैं, जिसमें नाम, फोटो, सील, मोहर, साइन सब कुछ किया हुआ है। यहां मिले सभी डॉक्युमेंट्स को पुलिस ने जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के रिमांड पर लेने के बाद और भी कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
फर्जी डिग्री लेने वालों पर भी अब एक्शन होगा
लांबा का कहना है कि जिन लोगों ने इन बदमाशों को डिग्री बनाने के लिए पैसा दिया है। उन लोगों की पुलिस एक सूची बना रही है। दोनों ही घरों से मिली फर्जी डिग्रियों से पुलिस को इन लोगों की जानकारी मिल चुकी है।
पुलिस इन लोगों को भी गिरफ्तार करेगी। ये लोग इन फर्जी डिग्रियों का इस्तेमाल सरकारी सेवा या यूनिवर्सिटी में आगे बढ़ने के लिए करने वाले थे।