August 18, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

अवैध रेत उत्खनन पर हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन, खनिज विभाग मौन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लगाया है। लेकिन इसके बावजूद शहर से लगे नेशनल हाईवे-130 के आसपास सेंदरी, घुटकू, लोखंडी, मंगला, छठघाट, दो मुहानी और ढेका में रेत खनन किया जा रहा है।

दैनिक भास्कर ने ड्रोन कैमरे से अवैध खनन का वीडियो बनाया, जिसमें नदी के बीच एक साथ दर्जनों ट्रैक्टर रेत निकालते नजर आए। प्रशासन का दावा है कि खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय है। लेकिन मौके पर न तो जांच होती दिखी और न ही परिवहन रोकने की कोई कार्रवाई। रविवार रात करीब 3 बजे सेंदरी घाट पर ड्रोन से ली गई तस्वीरों में 9 ट्रैक्टर रेत लोड करते दिखे। घुटकू घाट पर भी इसी तरह अवैध खनन जारी मिला।

घाटों तक जाने वाले रास्तों में जगह-जगह रोड़े और रेत के ढेर लगाए गए हैं, ताकि बाहरी लोगों की पहुंच मुश्किल हो सके। पूरी रात रेत का अवैध परिवहन होता रहा, लेकिन खनिज विभाग या पुलिस की टीम मौके पर नजर नहीं आई। यह स्थिति तब है जब हाल ही में रेत माफिया ने एक नायब तहसीलदार को कुचलने की कोशिश की थी। इस पूरे मामले में खनिज विभाग के उप संचालक केके गोलघाटे का पक्ष लेने के लिए कॉल-मैसेज किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।