June 16, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

लड़की ने नंबर ब्लॉक किया तो प्रेमिका के भाई की हत्या, पिता को भेजे मैसेज से खुला मामला

इंदौर। दोस्त विधि के भाई विधान की चाकू मारकर हत्या करने वाला वेदांत (आरोपित) अस्पताल में भर्ती है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने विधि लखावत के बयान दर्ज कर लिए हैं। वेदांत नंबर ब्लाक करने से बौखला गया और विधि के पिता धर्मेंद्र को मैसेज करना शुरू कर दिया।

डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के अनुसार, बिजासन कालोनी (एरोड्रम) निवासी वेदांत सोलंकी ने सोमवार रात साठ फीट रोड स्थित अंजनी नगर में 19 वर्षीय विधान पुत्र धर्मेंद्र लखावत की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वेदांत गुस्से में दोस्त विधि की हत्या करने पहुंचा था। अचानक उसकी मां अनिता सामने आ गई और पहले उस पर हमला बोला। बाद में विधान के पेट में चाकू घोंप दिया।

बुधवार को एडीसीपी जोन-1 मीना चौहान ने विधि के बयान दर्ज किए, जिसमें उसने बताया कि करीब डेढ़ साल पूर्व ऑप्टिकल शॉप पर नौकरी करने के दौरान वेदांत से दोस्ती हुई थी। दोनों एक-दूसरे के साथ घूमने लगे थे। धीरे-धीरे वेदांत ने पाबंदियां लगाई और दोस्तों से बात करने पर आपत्ति लेने लगा।

उसके इस व्यवहार के कारण विधि ने दूरी बनाना शुरू कर दी, लेकिन वेदांत ने माफी मांगी और गिड़गिड़ा कर पुनः बातचीत शुरू कर दी। उसकी इन्हीं हरकतों के कारण विधि ने उसके नंबर ब्लॉक कर दिए और 25 जनवरी को एरोड्रम थाना में शिकायत कर दी।

एडीसीपी के अनुसार विधि कार्रवाई नहीं चाहती थी। वह वेदांत से पीछा छुड़वाना चाहती थी। पुलिसकर्मियों ने उसे बुलाकर डपटा और माफीनामा लिखवा लिया। इससे वेदांत बौखला गया और उसने पुनः विधि के पिता धर्मेंद्र को मैसेज कर डाले। 26 जनवरी को वह विधि की हत्या के इरादे से अंजनी नगर जा धमका।

एडीसीपी के अनुसार विधि ने बताया कि वेदांत ने उसे इमोशनल ब्लैकमेल किया है। उसने कहा था कि वह अनाथ है। वेदांत ने शुरुआत भावनात्मक रूप से की और बाद में उस पर अधिकार जताने लगा।

वह कभी रोने लगता था और कभी उस पर शक करता था। पुलिस के अनुसार विधि के कथनों की पुष्टि करना शेष है। मोबाइल फोन और चैटिंग कब्जे में कर ली गई है। चैटिंग से प्रेम संबंधों की पुष्टि हुई है।