June 21, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

तोषगांव समिति प्रबंधक निलंबित, प्राधिकृत अधिकारी पद से हटाए गए

1218 क्विंटल धान आज भी वसूली के लिए शेष!

महासमुंद – सरायपाली// अविनाश साहू :

कलेक्टर विनय कुमार कुमार लंगेह के निर्देश पर तहसीलदार के नेतृत्व में विकासखण्ड स्तरीय टीम द्वारा 12 दिसम्बर 2025 को धान खरीदी केन्द्र तोषगांव का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उपरोक्त धान खरीदी केंद्र में काफी अव्यवस्था पाया गया। धान की स्टेकिंग सुव्यवस्थित तरीके से नहीं होना पाया गया। धान से भरे हुए बारदानों के वजन में अंतर भी पाया गया।

उक्त कारणों से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित तोषगांव के प्राधिकृत अधिकारी विजय प्रधान को पद से पृथक किया गया है। इसके साथ ही धान खरीदी प्रभारी एवं समिति प्रबंधक नकुल साहू को निलंबित करने की कार्रवाही की गई है। निलंबन अवधि में प्रभारी प्रबंधक नकुल साहू को कर्मचारी सेवा नियम 2018 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा तथा इनका मुख्यालय जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर छत्तीसगढ़ शाखा तोरेसिंहा निर्धारित किया गया है।

ज्ञातव्य हो कि खरीफ वितरण वर्ष 2024- 25 में भी इसी समिति में अनेकों खामी पाई गई थी जिस कारण प्रभारी नकुल साहू को फटकार लगी थी और पद से हटाया गया था लेकिन दोबारा इसी पद पर फिर से रखा गया. आपको बता दें कि पूर्व में इसी उपार्जन केंद्र में 1218 क्विंटल धान की कमी मिली थी जिसकी रिकवरी अभी तक नहीं हुई है.