इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में शुक्रवार को मेघालय की शिलॉन्ग कोर्ट में राजा के भाई विपिन की गवाही और बचाव पक्ष की क्रॉस एग्जामिनेशन पूरी हो चुकी है। हालांकि, विपिन रघुवंशी ने इस बीच कोर्ट में अब जो बातें सामने आईं, उनके आधार परपूरे केस में पर्दे के पीछे काम कर रही कथित ताकतों की ओर सीधा इशारा किया है। विपिन रघुवंशी ने कोर्ट से बाहर आकर कहा कि सोनम और बाकी आरोपियों में जरा भी डर नहीं था। उनके चेहरे पर न पश्चाताप था और न कानून का कोई खौ, बल्कि वे नए-नए कपड़े पहनकर ऐसे खड़े थे, जैसे किसी फंक्शन में आए हों। विपिन का कहना है कि “ऐसा लगता है कि शिलॉन्ग में कोई शक्तिशाली हाथ इनका ख्याल रख रहा है।”
विपिन की चार बार गवाही हो चुकी है, क्रॉस एग्जामिनेशन भी पूरा हो गया है। उनका कहना है कि अगर कोर्ट फिर बुलाएगी तो मैं बार-बार आऊंगा। राजा को इंसाफ दिलाने के लिए जान तक लगा दूंगा। आज भी सोनम को देखा, उसके चेहरे पर न डर दिखाई दिया, न ही किसी तरह का दुख। जैसे सब पहले से प्लान हो।
संयोग या साजिश यह अब भी बड़ा सवाल
राजा और सोनम गुवाहाटी के होटल में ठहरे थे। हैरानी की बात, इसी होटल से कुछ ही दूरी पर इंदौर के तीन युवक, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी भी पहुंचे और कमरा बुक कराया। यह महज संयोग था या सुनियोजित साजिश, यह अब भी बड़ा सवाल है।
2 जून को खाई के नीचे मिली राजा की लाश
हनीमून पर गए इंदौर के दंपती के लापता होने की खबरें मीडिया में तहलका मचाने लगीं। मुख्यमंत्री मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने मेघालय सरकार पर सर्च ऑपरेशन तेज करने का दबाव बनाया। विपिन और सोनम का भाई गोविंद भी वहां पहुंचे। मेघालय पुलिस ने एक सप्ताह तक हर कोना खंगाला और आखिरकार पता चला कि गहरी खाई में नीचे किसी की लाश पड़ी है। भारी बारिश के बीच चल रहे रेस्क्यू में 2 जून को राजा का शव मिला।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को आशंका थी कि सोनम भी यहीं आसपास गिरी होगी। सर्च और तेज हुआ। 3 और 4 जून को तलाश के दौरान खून से सनी एक जैकेट मिली, बिल्कुल वही जैकेट जो होटल के सीसीटीवी में सोनम पहने दिखी थी। यह दृश्य साफ संकेत देता है कि यह मामला हादसा नहीं बल्कि साजिश की ओर झुक रहा है।
होटल में गलत पहचान, गलत कहानी और सब पहले से प्लान?
सोनम ने होटल रिसेप्शन पर बताया था कि वे कॉलेज में एडमिशन करवाने आए हैं, जबकि गुवाहाटी में जहां-जहां सोनम और राजा गए, वहां वही तीनों इंदौर वाले लड़के भी मंडराते दिखे। 21 मई को कामाख्या मंदिर में दर्शन के बाद दोनों शिलॉन्ग पहुंचे और बालाजी गेस्ट हाउस में कमरा लिया। अगले दिन सोनम ने स्कूटी किराए पर लेने की जिद की और दोनों सोहरा (चेरापूंजी) के लिए निकल पड़े। अब जांच यह जानना चाहती है कि स्कूटी की यह जिद, होटल में गलत पहचान, तीन लड़कों का कदम-कदम पर पीछा क्या सब एक ही धागे से बंधे हुए थे?
सोनम के चेहरे पर कोई डर नहीं : विपिन
विपिन ने बताया कि सोनम और उसके साथी जिस तरह कोर्ट में घमंड से भरे दिखे, नए कपड़ों में ऐसे नजर आए जैसे उन्हें किसी का संरक्षण मिला हो। इसने पूरे मामले को और भी संदिग्ध कर दिया है। विपिन का कहना है कि राजा के खून का हिसाब जब तक नहीं मिलेगा, मैं चैन से नहीं बैठूंगा।

More Stories
छत्तीसगढ़ में बीयर प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब राज्य में खुलेगी माइक्रो ब्रुअरी, मिलेगी ताज़ा क्राफ्ट बीयर
“घर में घुसकर गोली, लोगों को जिंदा जलाया जा रहा”: कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का सरकार पर बड़ा हमला
शराब पार्टी बनी मौत की वजह! मामूली विवाद में दोस्त ने सब्बल से उतारा मौत के घाट, तालाब में छिपाए सबूत