April 20, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

सिक्ख समाज ने धूमधाम से मनाया 556 वां प्रकाश पर्व

शोभायात्रा में हैरतअंगेज करतबों से रोमांचित हुए दर्शक

 सिक्ख समाज के द्वारा श्री गुरूनानक देव जी की 556 वां प्रकाश पर्व धूमधाम के साथ मनाया। 03 नवंबर से तीन दिनों तक अखंड पाठ चलने के बाद 05 नवंबर को इसकी समाप्ति हुई। अरदास पश्चात 06 नवम्बर को अटूट लंगर का आयोजन किया गया। वहीं शाम को नगर में पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाली गई। प्रकाश पर्व पर नगर के सभी मार्गों को सिक्ख समाज के द्वारा स्वागत द्वार, झालर, बैनर  लगाकर एवं पदमपुर रोड स्थित गुरूद्वारे को बहुत ही आकर्षक लाईटों से सजाया गया था। 

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विगत 15 दिनों से सिक्ख समाज की महिलाएं, बच्चों एवं पुरूष द्वारा शबद – कीर्तन करते हुए नगर में प्रभात फेरी निकालते रहे थे। सुबह से ही माईक की मधुर ध्वनि में गुरूवाणी का मंद्धिम स्वर लोगों के लिए कर्णप्रिय रहा। इस बीच 03 से 05 नवंबर तक गुरु नानक देव जी का श्री अखंड पाठ किया गया, 05 की रात्रि में रैन सबाई का कार्यक्रम हुआ और गुरु नानक देव का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके पश्चात 06 नवंबर को गुरुद्वारा में भजन-कीर्तन पाठ करवाया गया जो देर रात तक चलता रहा। कीर्तन पाठ समाप्ति के पश्चात सभी समाज के लोगों व गणमान्य नागरिकों का सिख समाज के द्वारा स्वागत किया गया। गुरूसिंग सभा के  तत्वाधान में शाम को पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।

 आपको बता दें कि करतारपुर साहिब (पाकिस्तान) गुरुद्वारा की तरह की पालकी, जिसमें सिक्ख के धर्म के आदिगुरु गुरुग्रंथ साहिब जी विराजित थे, आकर्षण का केंद्र रही। शोभा यात्रा गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंग सभा सरायपाली से दुर्ग मंदिर चौक, बाजारपारा, पुरानीमंडी रोड, ओड़ियापारा, गुरुनानक चौक से होते हुए गुरुद्वारा साहिब में समापन हुआ। पालकी को आकर्षक रूप से फूलों व लाइट से सजाया गया था। इस दौरान सरायपाली के बच्चों के द्वारा पहली बार विभिन्न स्थानों पर हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया गया। शोभा यात्रा की बड़ी विशेषता यह रही कि समाज के सभी महिला पुरूष शुभ्रवेश में दिखे। परंपरा के अनुसार पंच प्यारों के सामने समाज की महिलाएं झाड़ू लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं। शोभायात्रा के दौरान अनेक स्थानों पर विभिन्न समाज के लोगों के द्वारा पंच प्यारों का स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में विशेष रूप से विभिन्न समाज जनों द्वारा स्टॉल लगातार ठंडा गर्म स्वल्पाहार की व्यवस्था के साथ हार माला पहनाकर पंज प्यारों सहित समाज का स्वागत किया गया. 

अध्यक्ष ने स्वागत करने वाले सभी का जताया आभार-

सिक्ख समाज के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह सलूजा ने बताया कि दोपहर को अटूट लंगर का आयोजन गुरूद्वारे में किया गया, जिसमें विभिन्न समुदाय के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। सिक्ख समाज द्वारा गुरूद्वारा में अन्य समाज के लोगों का शॉल श्रीफल देकर सम्मान किया गया। उन्होंने स्वागत करने वाले सभी सामाजिक जनों सहित विशेष सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत विभाग एवं आमजनों का आभार व्यक्त किया।