टेक वर्ल्ड में जापान हमेशा से अपने अनोखे और हैरान कर देने वाले इनोवेशंस के लिए जाना जाता रहा है। इस बार Japan Mobility Show में Toyota ने ऐसा प्रोडक्ट दिखाया जिसने सबको चौंका दिया है। यह Walk Me नाम की एक ऐसी स्मार्ट चेयर है, जो चल सकती है, बोलने से कंट्रोल होती है, सीढ़ियां चढ़ती है और जरूरत पड़ने पर खुद को सूटकेस जितना छोटा फोल्ड भी कर लेती है।
Walk Me दिखने में भले ही एक आम चेयर जैसी लगे, लेकिन इसके नीचे चार रोबोटिक पैर लगे हैं। ये पैर मकड़ी या बकरी की चाल से प्रेरित हैं। हर पैर में अलग-अलग मोटर और सेंसर लगाए गए हैं, जो एक-दूसरे से इंडिपेंडेंट मूवमेंट करते हैं। इसका मतलब ये कि जब एक पैर आगे बढ़ता है तो बाकी तीन बैलेंस बनाए रखते हैं। यही सिस्टम इसे सीढ़ियों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी चलने लायक बनाता है।
Toyota के डिवेलपर्स ने बताया कि उन्होंने महीनों तक बकरियों की चाल और उनके बैलेंस को रिकॉर्ड किया और फिर उसी डाटा को कोड में बदला। इसका रिजल्ट है, एक ऐसी कुर्सी जो इंसान की तरह चल और झुक सकती है।
यूजर के मुताबिक खुद को करती है एडजस्ट
जब कोई व्यक्ति इस चेयर पर बैठता है, तो यह अपने सेंसरों की मदद से वजन, ऊंचाई और शेप को स्कैन करती है। इसके बाद बैकरेस्ट अपने आप रीढ़ की शेप में मुड़ जाता है और सीट का झुकाव यूजर की बॉडी के हिसाब से एडजस्ट हो जाता है। अगर फर्श ऊबड़-खाबड़ हो या नीचे मैट बिछा हो तो चेयर अपने पैर मोड़ लेती है ताकि सीट नीचे जाकर यूजर का बैलेंस बनाए रखे।
आपके बोलते ही चल पड़ेगी चेयर
Walk Me में वॉइस कमांड फीचर दिया गया है। यूजर इसे अपनी आवाज से कंट्रोल कर सकता है। जैसे- ‘Forward’, ‘Stop’ या ‘Come Here’ बोलने पर चेयर तुरंत रिस्पॉन्ड करती है। इसके अलावा साइड आर्म्स पर टच सेंसर भी दिए गए हैं, जिनसे इसे मैन्युअली भी मोड़ा या रोका जा सकता है।
स्मार्ट सेंसर और LiDAR टेक्नोलॉजी
इस चेयर में लगे कैमरा और LiDAR सेंसर लगातार आसपास की सतह और रुकावटों को स्कैन करते रहते हैं। अगर कोई बच्चा या फर्नीचर रास्ते में आ जाए, तो चेयर तुरंत अपनी दिशा बदल लेती है या रुक जाती है। टोयोटा का दावा है कि यह टिप-ओवर यानी गिरने की स्थिति लगभग असंभव बना देती है, क्योंकि जरूरत पड़ने पर चेयर अपने बेस को चौड़ा कर लेती है और बैलेंस को री-कैलिब्रेट कर लेती है।
फोल्ड होकर बन जाती है सूटकेस
इनोवेटिव Walk Me की सबसे खास बात इसका फोल्डिंग फीचर है। एक बटन दबाते ही इसके पैर अंदर की ओर सिकुड़ जाते हैं और पूरी चेयर 30 सेकंड में कैरी-ऑन साइज में बदल जाती है। इसे कार के ट्रंक में या घर के किसी कोने में आसानी से रखा जा सकता है।
पावर और सेफ्टी फीचर्स
चेयर में लगा कंपैक्ट बैटरी पैक एक दिन की एक्टिविटी के लिए काफी है। इसे नॉर्मल प्लग से चार्ज किया जा सकता है। अगर कोई मोटर ज्यादा गर्म हो जाए तो सिस्टम खुद को बंद कर देता है और यूजर को अलर्ट भेजता है। साथ ही, इसमें ऑटो-शटडाउन और चाइल्ड सेफ्टी सेंसर भी हैं जो किसी भी खतरे की स्थिति में चेयर को रोक देते हैं।
बता दें, इसे उन लोगों और बुजुर्गों के लिए डिजाइन किया गया है, जिन्हें मोबिलिटी से जुड़ी किसी तरह की दिक्कत है। यानी जो चलने-फिरने में कठिनाई महसूस करते हैं।

More Stories
खारुन की दर्दनाक कहानी: कहीं जलकुंभी का जंगल, कहीं जहरीला पानी, नदी किनारे बसे गांव प्यास से बेहाल
कोर्ट में पैरवी कर रहे थे वकील, इधर मोबाइल हुआ अपडेट और उधर खाते से उड़ गए ₹1.42 लाख
बिना पुनर्वास किसी को नहीं करेंगे बेघर: नकटी के ग्रामीणों को बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा भरोसा