नई दिल्ली. गुजरात आप प्रमुख को लेकर जारी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अब पीएम की मां हीरा बा पर की गई टिप्पणी को लेकर बीजेपी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली में आप मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन और हंगामा कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के हाथ में बैनर है जिसपर लिखा है- ‘हीरा बा का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान।’ ‘दिल्ली हो या हो गुजरात, आम आदमी पार्टी की एक पहचान, नारी का यह करते अपमान।’
बीजेपी ने इटालिया से अपने बयान पर माफी मांगने को कहा है। पार्टी का कहना है कि उनकी शह पर इटालिया इस तरह के बयान दे रहे हैं। पीएम मोदी की मां को लेकर दिए बयान पर सबसे ज्यादा नाराजगी है। वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दिल्ली सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल आप के सर्वे सर्वा हैं। पार्टी का कोई नेता, प्रवक्ता या जनप्रतिनिधि बिना उनके दिशा-निर्देश, उनके द्वारा सौंपे गए दायित्व के बिना एक शब्द नहीं बोलता है। तो आपको भले ही यह शब्द गुजरात आप के किसी कार्यकर्ता के लगते हों, आदेश लेकिन अरविंद केजरीवाल का है। यह पहली बार नहीं है जब गुजरात के इस आप कार्यकर्ता ने मर्यादा का उल्लंघन किया हो। हिंदू महिलाओं और धर्म पर अमर्यादित टिप्पणी की गई है।
बीजेपी पर पलटवार करते हुए दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने कहा कि गोपाल इटालिया की तरफ से वीडियो नहीं आया है, बीजेपी की तरफ से आया है। एक, दो, तीन, चार, पांच वीडियो, मुझे लगता है कि अभी उन्होंने और वीडियो काट के रखे होंगे। आप समझने की कोशिश कीजिए कि कितना डर है। गुजरात के अंदर क्या हो रहा है इसका अंदाजा सिर्फ इससे लग रहा है। बीजेपी के पास 27 साल के शासनकाल में कुछ भी बताने के लिए नहीं बचा है। वो बताते हैं कि देखो-देखो गोपाल इटालिया का ये वीडियो, वो वीडियो आ गया। उन्हें जो कहना है कहते रहें। गुजरात में परिवर्तन होने वाला है।
गोपाल इटालिया का कहना है कि अलग-अलग सर्वे में बताया जा रहा है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बन रही है। पार्टी मजबूत स्थिति में है। इसी वजह से बीजेपी बौखलाई हुई है। इसलिए कई ऐसे रास्ते ढूंढ रही है जिससे आप को खराब या नीचा दिखा सके। पार्टी को रोकने की साजिश हो रही है। इसी कड़ी में बीजेपी आज ये वीडियो आ गया, वो वीडियो आ गया बता रही है। इनके पास मुद्दों की बात नहीं बची है। ये लोग पुराना, फर्जी, सच्चा-झूठा पता नहीं क्या वीडियो लेकर आ रहे हैं।

More Stories
कोयला लेवी स्कैम: IAS अधिकारी समीर विश्नोई की 20 करोड़ की संपत्ति जब्त, पत्नी के नाम पर किया था घोटाला!
दुर्ग में B.Ed छात्रा की हत्या: प्रेम संबंधों में तनाव से उठा खौफनाक कदम
कृषि अधिकारी ने पत्रकार और वकील से की मारपीट, VIDEO हुआ वायरल: पुलिस ने शुरू की जांच