April 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

एक सप्ताह में दूसरी सैन्य उड़ान क्रैश

पणजी. नौसेना का एक मिग 29-‘के’ लड़ाकू विमान बुधवार को गोवा में तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात है कि विमान को उड़ा रहे पायलट सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे। नौसेना के अनुसार यह विमान नियमित उड़ान पर था, लेकिन जब यह बेस की तरफ वापस लौट रहा था तो इसमें तकनीकी खराबी आ गई। 

खबर है कि पायलट ठीक हैं। वह समय रहते विमान से निकलने में सफल रहे थे। तलाशी अभियान के दौरान पायलट का तुरंत पता लगा लिया गया और कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पायलट की हालत स्थिर है। नौसेना ने जानकारी दी है कि विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है।

भारतीय नौसेना ने कहा, ‘ट्विन इंजन मिग-29के बेस पर लौटते वक्त समुद्र पर क्रैश हो गया। पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए और तेज खोजी और बचाव अभियान में उन्हें निकाल लिया गया है। खबर है कि उनकी हालत स्थिर है।’

ठीक एक सप्ताह पहले भी हुआ था हेलिकॉप्टर क्रैश
5 अक्टूबर, बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भी सेना का चीता हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सेना के अधिकारियों ने बताया था कि नियमित उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। हालांकि, उस दौरान पायलट लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ यादव की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। जबकि, एक अन्य पायलट का गंभीर हालत में इलाज जारी था। सेना ने हादसे का पता लगाने के लिए जांच शुरू की थी।