May 31, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मेरठ में कांग्रेस नेत्री सपना सोम के परिवार पर हमला

मेरठ. यूपी के मेरठ जिले में सूरजकुंड दशहरा मेला देखने आई कांग्रेस नेत्री सपना सोम के परिवार पर दर्जनभर से अधिक युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने ड्राइविंग सीट पर बैठे सपना सोम के बेटे को बाहर खींचकर मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी और फरार हो गए। वारदात के बाद कांग्रेस नेत्री परिवार के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची और हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। 

रुड़की रोड स्थित शांति निकेतन कालोनी में कांग्रेस नेत्री सपना सोम अपने परिवार के साथ रहती हैं। बुधवार रात सूरजकुंड पर लगे दशहरा मेले में कांग्रेस नेत्री अपने परिवार के साथ पहुंची थी। उनके साथ पति नीरज कुमार के अलावा बेटा सौरभ व कार्तिक के अलावा बेटी वैष्णवी भी मौजूद रहीं। रावण दहन के बाद परिवार कार में बैठा और जाने लगा। आरोप है कि पीछे से आए तीन से चार नशे में धुत युवकों ने उनकी कार के शीशे पर जोर जोर से हाथ मारना शुरु कर दिया। कार चला रहे सौरभ ने ब्रेक लगाकर बाहर निकलते हुए उन्हें टोका तो युवक मारपीट व गाली-गलौज पर अमादा हो गए।

उन्होंने सौरभ को घेरकर पीटना शुरु कर दिया। बेटे को बचाने सपना सोम व उनके पति नीरज बाहर निकले तो हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया और सपना सोम के साथ अभद्रता कर दी। देखते ही देखते बखेड़ा खड़ा हो गया। कार के अंदर मौजूद बेटा कार्तिक व वैष्णवी दहशत के चलते जोर जोर से रोने लगे। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी कार के अगले शीशे पर किसी चीज से वार किया, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। वारदात कर हमलावर भीड़ का लाभ उठाकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। सपना सोम अपने परिवार के साथ सिविल लाइन थाने आ गई। कांग्रेस नेत्री पर हमले की सूचना पर कार्यकर्ता थाने पहुंचने लगे। उन्होंने वारदात का विरोध जता दिया। 

दहशत में रहा पूरा परिवार 
वारदात के बाद पूरा परिवार थाने आ गया लेकिन इतनी दहशत में रहा कि काफी देर तक कार से बाहर ही नहीं निकला। बच्चे खासकर वारदात से बुरी तरह डरे हुए थे। सपना सोम ने बताया कि हमलावर नशे में धुत थे, जिन्होंने उनके गले में पड़ी चेन और हाथ की अंगूठी तक झपट ली। बेटे के कान और कंधे में चोट आई है। 

देर रात में दी तहरीर
सपना सोम व उनके परिवार पर हमले की सूचना पाकर रात में ही लोगों का जमावड़ा थाने में लग गया। इन लोगों ने परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ कर दिए। सपना सोम के परिवार का कहना था कि एकपल को ऐसा प्रतीत हुआ कि आज वह जिंदा वापस नहीं जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने हमलावरों की पहचान पास ही बस्ती में रहने वाले युवकों के रूप में की है।