July 27, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जतमई घाटी में एक युवती का शव मिला

गरियाबंद. प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जतमई जाने के रास्ते में पड़ने वाली घाटी में लगभग 30 फिट गहरे गड्ढे में एक युवती का शव मिला है. लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. युवती की हत्या कर शव को घाटी में फेंक देने की आशंका जताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक छुरा पांडुका थाना सीमा पर जतमई घाट के नीचे मंगलवार सुबह 9 बजे स्थानीय लोगों ने एक युवती की लाश देखी. पुलिस ने बताया कि शव एक से दो दिन पुराना लग रहा है. उसे एक गद्दे में लपेटा हुआ था.

घटना की सूचना पर एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक ने घटना स्थल का जायजा लिया. घटना स्थल पांडुका और छुरा थाने की सीमा पर होने के चलते दोनों ही थानों की पुलिस को जल्द घटना की तहकीकात के लिए सक्रिय कर दिया गया है.

शव से आ रही बदबू

स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को शव से आ रही बदबू के चलते ही लाश होने की जानकारी हुई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि युवती के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की जा रही है, जल्द ही खुलासा होगा.