April 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लगातार फोन देख-देख कर राहुल राजस्थान का अपडेट लेते रहे।

नई दिल्ली. राजस्थान कांग्रेस में जारी सियासी टकराव का असर 10 जनपथ से लेकर भारत जोड़ो यात्रा पर दिखने लगा है। सोमवार सुबह तक विवाद नहीं सुलझने के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को केरल से दिल्ली भेजा है। वेणुगोपाल दिल्ली में आकर सोनिया गांधी से मिलेंगे, जहां राजस्थान गए ऑब्जर्वर्स को भी बुलाया गया है।

विधायकों ने बात करने से इनकार किया
राजस्थान कांग्रेस के 80 से ज्यादा विधायकों ने हाईकमान से भेजे गए ऑब्जर्वर्स मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन से नहीं मिलने की बात कही है। रविवार देर रात तक खड़गे-माकन बागी गुट के नेतृत्व कर रहे मंत्री शांति धारीवाल, प्रताप सिंह खचरियावास समेत 4 लोगों से मुलाकात की, लेकिन बात नहीं बनी।सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में जो सियासी उठापटक शुरू हुई है, उससे कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी नाराज हैं। सोनिया ने देर रात ही अजय माकन से हर हाल में प्रस्ताव लेकर आने के लिए कहा था, जिसके बाद विधायकों ने 3 शर्तें रख दीं, जिसे हाईकमान ने मानने से इनकार कर दिया है।

खड़गे और माकन के सामने अशोक गहलोत के गुट ने 3 बिंदुओं का प्रस्ताव रखा है। गहलोत गुट का कहना है कि नया CM सरकार बचाने वाले 102 विधायकों में से ही होना चाहिए, यानी सचिन पायलट को CM न बनाया जाए। इसके साथ ही नए CM की घोषणा 19 अक्टूबर को अध्यक्ष के चुनाव के बाद की जाए और गहलोत के पसंद का ही मुख्यमंत्री बनाया जाए।

राहुल गांधी लगातार मोबाइल देख रहे, लल्लू बोले- इंटरनल मामला
कांग्रेस की भारत जोड़ो 414 किलोमीटर की दूरी पूरी कर सोमवार को केरल के पलक्कड़ पहुंच चुकी है। यात्रा में राहुल गांधी और उनके साथ दीपेंद्र हुड्डा, राजस्थान के पूर्व मंत्री हरीश चौधरी भी शामिल हैं। तीनों नेता आज लगातार कई किलोमीटर पैदल चले और बीच-बीच में एक दूसरे से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान राहुल गांधी अपने फोन को भी लगातार देख रहे हैं।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के मेंबर और भारत जोड़ो यात्री अजय कुमार लल्लू ने बताया कि हम देर रात तक अपने फोन पर राजस्थान का घटनाक्रम देखते रहे। उन्होंने कहा कि यह सब वहीं होता है, जहां लोकतंत्र होता है, जहां लोकतंत्र ही नहीं होगा वहां तो सिर्फ दो लोग सब कुछ तय कर लेंगे।

कांग्रेस हाईकमान राजस्थान में क्या चाहती है…

  • सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से कहा कि आप राष्ट्रीय अध्यक्ष का पर्चा दाखिल करिए और CM की कुर्सी सचिन पायलट को हम देने के पक्ष में हैं।
  • हाईकमान ने गहलोत से यह भी कहा कि पर्चा दाखिल करने से पहले आप इस्तीफा दे दीजिए, जिससे हम नए CM चुन सकें। चुनाव अगले साल होना है तो नए मुख्यमंत्री को करीब 1 साल तक काम करने का मौका मिल जाएगा।
  • सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने यह स्पष्ट कहा कि राजस्थान में पंजाब मॉडल नहीं दोहराया जाएगा। पार्टी ने इसके पीछे चन्नी के भी विधानसभा चुनाव हार जाने की दलीलें दीं।