बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 36.31 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से मध्यप्रदेश की ओर गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर डौंडी लोहारा क्षेत्र के भेड़ी तिराहा में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। बताया गया कि चार मोटरसाइकिलों पर सवार तस्कर आगे-पीछे निगरानी करते हुए चल रहे थे, जबकि दो बाइकों में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने बाइकों पर रखे काले प्लास्टिक के टबों की तलाशी ली। इसमें तस्करों द्वारा अपनाया गया तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। टबों के निचले हिस्से को काटकर अंदर गुप्त खांचा (सीक्रेट बॉक्स) बनाया गया था, जिसमें गांजे के पैकेट छिपाए गए थे। ऊपर सामान्य टब रखे गए थे ताकि किसी को शक न हो।
तलाशी में एक बाइक से 22 पैकेट और दूसरी बाइक से 28 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मध्यप्रदेश के रायसेन और सागर जिलों के निवासी हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- श्याम गोड़ (26), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
- पवन गोड़ (26), जिला सागर, मध्यप्रदेश
- प्रदीप चौहान (20), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
- संजय कुमावत (20), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
- एक नाबालिग
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप किस नेटवर्क के जरिए ओडिशा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही थी।

More Stories
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी बधाई और शुभकामनाएं
अंधेरे में 48 गांव: बिजली की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री को खून से लिखे 500 पत्र
नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर दोस्तों को दिखाया, ब्लैकमेलिंग में 10 गिरफ्तार