August 12, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

पेट्रोल पंप पर धोखाधड़ी का आरोप, 100 में 50 का पेट्रोल देने का VIDEO वायरल

डोंगरगढ़। एक ओर जहां देश में पेट्रोल-डीजल को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, तो वहीं दूसरी ओर पंप कर्मचारी ही आपदा को अवसर बनाने में तुले हुए हैं। ताजा मामला डोंगरगढ़ विधानसभा के घुमका नगर पंचायत से सामने आया है, जहां पेट्रोल पंप की महिला कर्मचारी पर 100 रुपए लेकर 50 का पेट्रोल देने का आरोप लगा है।

यह पूरा मामला घुमका नगर पंचायत के इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के गोपी किशन पेट्रोल पंप का है। बताया जा रहा है कि स्टॉक खत्म होने के कारण पंप को बंद कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद पंप कर्मचारी ज्यादा पैसे लेकर लोगों को पेट्रोल बेच रहे हैं। इस पूरे मामले का वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ तौर पर पूरा घटनाक्रम देखा जा सकता है।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल संकट के समय आम जनता पहले से परेशान है और ऐसे में इस तरह की हरकत उपभोक्ताओं के साथ सीधा अन्याय है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।