May 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रायपुर में IPL 2026 के मुकाबलों को लेकर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर ने स्टेडियम में सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा की


रायपुर। राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबलों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, आपदा प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेडियम में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाए और किसी भी तरह की ओवररेटिंग न होने पाए। साथ ही पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

जानिए कब और किन टीमों के बीच होगी भिड़ंत

  • 10 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) vs मुंबई इंडियंस (MI)
  • 13 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) vs कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

खास बात यह है कि इस सीजन में RCB ने रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

एंट्री और टिकट व्यवस्था

मैच के लिए केवल ऑनलाइन टिकट बिक्री की व्यवस्था की गई है। दर्शकों को डिजिटल M-टिकट के जरिए एंट्री मिलेगी, जिसमें QR कोड मैच के दिन ही एक्टिव होगा। गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और दर्शकों को टिकट में दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश करना होगा। दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में एंट्री सिस्टम को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि स्टेडियम के सभी गेट पर वालेंटियर की तैनाती की जाए और वाई-फाई तथा इंटरनेट की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, ताकि दर्शकों को प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और प्रशासन की निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन हो। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार रखने को कहा गया।

आगजनी की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने फायर सेफ्टी उपकरणों की अनिवार्य व्यवस्था करने और जिला सेनानी के साथ समन्वय कर उनके पूर्व परीक्षण के निर्देश दिए। इसके अलावा मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने और सभी गेट पर आयोजन समिति के वालेंटियर तैनात करने को कहा गया, ताकि दर्शकों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

सीसीटीवी निगरानी और प्रशासन की सख्ती

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेडियम और उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस बार टिकटों की बिक्री केवल ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है।

इस दौरान निगम आयुक्त विश्वदीप, रायपुर ग्रामीण की प्रभारी एसपी मनीषा ठाकुर, एडीएम उमाशंकर बंदे, एएसपी विवेक शुक्ला, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के सीईओ हरी गोंडापल्ली, बीसीसीआई के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।