MI vs SRH IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 41वें मुकाबले में आज मुंबई इंडियंस (MI) के सामने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की चुनौती होगी। आईपीएल के मौजूदा सीजन में 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस संघर्ष करती नजर आ रही है। टीम को अब तक खेले गए 7 में से 5 मैचों में हार के बाद पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद बेहतर फॉर्म में है। टीम अब तक खेले गए 8 मैचों में से 5 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। इस दौरान पिछले 4 मैचों में उसे लगातार जीत मिली है।
बता दें कि मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच यह मुकाबला MI के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी में संघर्ष करती दिख रही मुंबई
मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम को रोहित शर्मा की सख्त जरूरत महसूस हो रही है। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वह इस मुकाबले में खेलते नजर आ सकते हैं, जिससे बल्लेबाजी को मजबूती मिलेगी। कप्तान हार्दिक पांड्या (97 रन, 3 विकेट) और सूर्यकुमार यादव (157 रन) को भी अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा।
गेंदबाजी में टीम अब तक संघर्ष करती दिखी है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सिर्फ 2 विकेट ही ले पाए हैं। उन्हें दूसरे छोर से भी सहयोग नहीं मिल रहा, ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। गेंदबाजों की इसी नाकामी के चलते विरोधी टीमों ने पावरप्ले में बढ़त बनाई, जिसका नुकसान मुंबई को उठाना पड़ा।
पैट कमिंस की वापसी से SRH की गेंदबाजी हुई मजबूत
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अब लय में लौटती नजर आ रही है। पैट कमिंस की वापसी से गेंदबाजी मजबूत हुई है, जबकि बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
अभिषेक शर्मा ने अब तक 212.29 के स्ट्राइक रेट और 54.28 के औसत से 380 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। वहीं ईशान किशन (312 रन) और हेनरिक क्लासेन (349 रन) ने भी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है।
MI बनाम SRH हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?
आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई का पलड़ा साफ तौर पर भारी रहा है। मुंबई इंडियंस ने 14 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि हैदराबाद को 10 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई भी रहा, जिसे मुंबई ने सुपर ओवर में जीत लिया था। वहीं वानखेड़े स्टेडियम में भी मुंबई का दबदबा देखने को मिलता है—यहां खेले गए 9 मैचों में MI ने 7 बार जीत दर्ज की, जबकि SRH सिर्फ 2 मैच जीत पाई।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण यहां बड़े स्कोर आम बात हैं, जिससे अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। आईपीएल में इस मैदान पर अब तक 127 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें 59 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 68 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है।
इस सीजन खेले गए 4 मैचों में से 3 में 200 से ज्यादा रन बने हैं, जो दर्शाता है कि बल्लेबाजों का दबदबा जारी है। पहली पारी का औसत स्कोर करीब 215 रन रहा है।
हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिल सकती है और बीच के ओवरों में स्पिनर्स भी कुछ असर डाल सकते हैं, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए और आसान हो जाती है। इस सीजन यहां खेले गए 4 मुकाबलों में 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 2 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है।
MI और SRH की संभावित प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, शाकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा
इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रैविस हेड
मुंबई इंडियंस (MI)
क्विंटन डी कॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर, अश्विनी कुमार
इम्पैक्ट प्लेयर: दानिश मलेवर
कहां देखें लाइव मैच?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

More Stories
रायपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक, लिए गए ये बड़े निर्णय
छत्तीसगढ़ बोर्ड 12वीं में रिया साहू अव्वल, मेहनत लाई रंग
भारत में सोने की खरीदारी में बड़ा बदलाव: निवेश के रूप में बढ़ी मांग, रिकॉर्ड 186% की सालाना बढ़त