बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार देर रात EWS की तीन मंजिला इमारत से एक युवक और युवती ने छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों के बीच करीब 3 साल से अफेयर था। घटना वाली रात दोनों EWS कॉलोनी की तीन मंजिला बिल्डिंग की छत पर थे। छत पर शराब की बोतल, गिलास, कपड़े, कंबल और बेडशीट भी मिले हैं, जिससे लगता है कि दोनों ने वहां शराब पी थी।
पुलिस ने आशंका जताई है कि शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और दोनों छत से कूद गए।
छत का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। युवती का इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बस स्टैंड EWS कॉलोनी का है।

अभिलाषा परिसर के EWS कॉलोनी में युवक और युवती फर्श पर गिरे पड़े मिले।
छत से गिरते ही चीखने-चिल्लाने लगे युवक-युवती
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात अभिलाषा परिसर में EWS कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 34 की तीन मंजिला इमारत से एक युवक और युवती कूद गए। बिल्डिंग से कूदकर नीचे गिरते ही युवक-युवती बुरी तरह से घायल हो गए। युवक दर्द से कराहते हुए चिल्लाने लगा। वहीं, युवती भी रोने लगी। कुछ ही देर में दोनों की आवाज बंद हो गई।
इस बीच आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तब दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, युवती बुरी तरह से घायल होकर बेहोश पड़ी थी। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो युवक की पहचान चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे (23 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि चिरंजीव शुभम कॉम्प्लेक्स परिसर के पास रहता था और चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में काम करता था। इसके साथ ही जोमेटो में डिलीवरी ब्वॉय का भी काम करता था।
वहीं, युवती का नाम गरिमा सिंह (22) बताया जा रहा है। युवती सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक के पास रहती है। वो पहले शादी डॉट काम में काम करती थी।

अभिलाषा परिसर में EWS कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 34 की घटना
दोनों के बीच तीन साल से अफेयर था
जांच में पता चला कि दोनों के बीच पिछले लगभग तीन साल से अफेयर था। पुलिस को छत पर शराब की बोतल, दो गिलास में शराब, लड़के के कपड़े, बेडशीट और कंबल मिले हैं। इससे पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों ने छत पर शराब पी थी।
दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद वे छत से कूद गए। गिरने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक के सिर और दाहिनी जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं युवती की रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है और वह चल-फिर नहीं पा रही है।
छत का दरवाजा अंदर से बंद होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिरगिट्टी थाना की पुलिस इस मामले की जांच में जुटी।
घूमने गए थे युवक-युवती, विवाद होने पर छत से कूदने की आशंका
टीआई किशोर केंवट ने बताया कि युवक-युवती दोनों के बीच पिछले लंबे समय से अफेयर था। युवक पहले अभिलाषा परिसर में रहता था। लिहाजा, वो युवती को लेकर आए दिन वहां जाता था। मंगलवार की रात 12 से 1 बजे युवक-युवती अभिलाषा परिसर पहुंचे थे। जिसके बाद करीब 4 बजे उन्होंने छत से छलांग लगाई है।
पुलिस को आशंका है कि युवक-युवती के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके बाद दोनों एक साथ जान देने के लिए छत से कूद गए होंगे। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
बिलासपुर ‘बादाम मामले’ वाली अफसर पर नया वीडियो वायरल, NOC के बदले पैसे मांगने का आरोप
रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, मास्टरमाइंड देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार
ज्ञानभारतम् सर्वे में तेजी: 31 मई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश, पांडुलिपि ट्रेजर हंट से जनभागीदारी बढ़ाने की पहल