April 15, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

MP सरकार की ‘होम स्टे योजना’: घर के खाली कमरों से कमाई का मौका

भोपाल, मध्य प्रदेश: अगर आपके पास घर में खाली कमरे हैं और वह किसी पर्यटन स्थल या उसके आसपास स्थित हैं, तो अब आपको अतिरिक्त आय अर्जित करने का एक बेहतरीन मौका मिल सकता है। मध्य प्रदेश सरकार ने ‘होम स्टे योजना’ शुरू की है, जिसके तहत आप अपनी संपत्ति को पंजीकृत कराकर पर्यटकों को किराए पर कमरे दे सकते हैं। इस योजना के तहत राज्य सरकार आपको आर्थिक सहायता और प्रचार के लिए मदद भी प्रदान करेगी।


क्या है ‘होम स्टे योजना’?

यह योजना मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत चल रही है, और इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को घर जैसा सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत, जिनके पास अतिरिक्त कमरे या खाली भवन हैं, वे उन्हें ‘होम स्टे’ के रूप में पंजीकृत करा सकते हैं और पर्यटकों से किराया वसूल सकते हैं

पंजीकरण की शर्तें और लाभ:

  1. कमरे: आवासीय भवन में कम से कम 1 और अधिकतम 6 कमरे होने चाहिए, और एक कमरे में अधिकतम 3 बेड लगाए जा सकते हैं।
  2. पंजीकरण: अपने ‘होम स्टे’ को पंजीकरण कराना अनिवार्य है, ताकि सरकार सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित कर सके।
  3. आर्थिक मदद: पंजीकरण कराने पर सरकार द्वारा मिलने वाली सहायता:
    • पहले साल: 50 अतिथि दिवस पूरे होने पर ₹15,000।
    • दूसरे साल: 75 अतिथि दिवस होने पर ₹20,000।
    • तीसरे साल: 100 अतिथि दिवस होने पर ₹25,000।
  4. मार्केटिंग मदद:
    • ब्रोशर तैयार करने पर ₹10,000 की मदद।
    • नेशनल और इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट में भागीदारी के लिए ₹50,000 की मदद।

पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज:

  • पहचान प्रमाण (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड)
  • निवास प्रमाण (जैसे राशन कार्ड, बिजली बिल)
  • बैंक खाता विवरण (आधिकारिक खाता नंबर, IFSC कोड)

पंजीकरण प्रक्रिया:

  1. ऑनलाइन पंजीकरण:
    • mphomestay.mponline.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन करें।
  2. ऑफलाइन पंजीकरण:
    • राजधानी भोपाल के भदभदा रोड स्थित पर्यटन विभाग कार्यालय में आवेदन करें।

‘होम स्टे योजना’ की सफलता

मध्य प्रदेश में वर्तमान में 346 होम स्टे संचालित हैं। पिछले एक दशक में इनमें से 34,000 से अधिक पर्यटक ठहरे हैं, और 6.76 करोड़ रुपये की आय हुई है। यह योजना राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को एक नया व्यापार अवसर प्रदान करती है।