May 5, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रायगढ़: जांबाज पुलिसकर्मियों ने नाकाम की बैंक लूट, एसएसपी ने दी टीम को पुरस्कार

रायगढ़। जिले के थाना जूटमिल क्षेत्र में बीती रात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बैंक लूट की एक बड़ी वारदात टल गई है। जूटमिल पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए न केवल डकैतों के मंसूबों को फेल किया, बल्कि बैंक की संपत्ति को भी सुरक्षित बचा लिया। पुलिस की गश्त टीम द्वारा समय पर दिए गए रिस्पॉन्स के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस की टीम क्षेत्र के बैंक एवं एटीएम की नियमित सुरक्षा जांच और रात्रि गश्त पर थी।

इसी दौरान गश्त में तैनात आरक्षक परमानंद पटेल एवं समीर बेक अपने निजी वाहन से कोड़ातराई स्थित बैंक की ओर जा रहे थे। पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुँचने पर उन्हें बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ा दिखाई दिया। बैंक की लाइटें बंद होने और संदिग्ध वाहन की मौजूदगी पर संदेह होने पर दोनों आरक्षक तत्काल बैंक की ओर बढ़े। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख बाहर खड़ी गाड़ी के चालक ने वाहन स्टार्ट किया। इसी बीच बैंक के भीतर से एक व्यक्ति भागते हुए आया और वाहन में बैठकर तेजी से शहर की ओर फरार हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षकों ने तत्काल इसकी सूचना जुटमिल थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह एवं पेट्रोलिंग में लगे प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को दी। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी जूटमिल, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी एवं अन्य स्टाफ हथियारों के साथ मौके पर पहुँचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर रात्रि गश्त अधिकारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उप निरीक्षक संजय नाग, आरक्षक जगमोहन ओग्रे सहित विभिन्न थानों का गश्ती बल भी तत्काल मौके पर पहुँचा और आरोपियों की तलाश में घेराबंदी शुरू की गई।

जांच में पता चला कि अज्ञात आरोपियों ने बैंक का चैनल गेट तोड़कर भीतर प्रवेश किया था। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए बैंक के दो डीवीआर (DVR) निकाल लिए थे और सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। आरोपियों ने बैंक के मुख्य चेस्ट और लॉकर से लगी दीवार को तोड़ने का पूरा प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की त्वरित सक्रियता के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।बैंक अब सेफ है

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जूटमिल सहित पूरी टीम, विशेषकर आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक की कार्यशैली की सराहना की है। एसएसपी ने जवानों के उत्साहवर्धन के लिए पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। वर्तमान में पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में सघन विवेचना और छापेमारी कर रही है।