May 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

पशु चिकित्सक विजय वर्मा बने अंगदान के प्रेरणास्त्रोत, प्रोजेक्ट दधीचि में बढ़ी जागरूकता


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट दधीचि के तहत मानवता और जनसेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए बैरन बाजार स्थित जिला वेटनरी हॉस्पिटल में पदस्थ पशु चिकित्सक विजय वर्मा ने अंगदान का संकल्प लेकर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जिले में संचालित प्रोजेक्ट दधीचि के अंतर्गत उन्होंने अंगदान के लिए पंजीयन कर जन जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सम्मान पत्र प्रदान कर उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की तथा कहा कि अंगदान मानवता की सर्वाेच्च सेवा है, जिससे कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है। वर्मा ने अपने संकल्प के बारे में कहा कि मुझे बड़ी खुशी है कि मैं इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनी, मेरे जाने के बाद किसी और को स्वस्थ जीवन मिल सकेगा। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट दधीचि के तहत अब तक 91 से अधिक लोगों ने अंग एवं संपूर्ण शरीर दान का संकल्प लिया है, जिससे समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य से जुड़कर अंगदान का संकल्प लें। अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु 9406049000 संपर्क नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।