रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपने 6 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को कुंए में फेंकने के बाद खुद अंदर उतरकर पानी में डुबोकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी और मृतक को कुंए से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने दी। उनके अनुसार, आरोपी विनोद महेश्वरी (30 वर्ष) वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढ़ी भदरापारा का निवासी है। आरोपी के भाई मनोज महेश्वरी (28 वर्ष) ने बताया कि परिवार में तीन भाई हैं – बड़ा विजय, मंझला विनोद और वह स्वयं। विजय अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में रहता है, जबकि विनोद अपने दो पुत्रों (8 वर्ष और 6 वर्ष) के साथ बगल के घर में रहता था। उसकी पत्नी अलग रहती थी और घरेलू विवाद के कारण वह मानसिक रूप से तनावग्रस्त था।
घटना रविवार, 8 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। उस समय विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के सामने खड़ा था। अगले दिन सुबह जब मनोज महेश्वरी मकान के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो उसने कुएं के भीतर से विनोद की आवाज सुनी कि “मोटर बंद कर दो, वह भीतर है।” आसपास के लोगों को बुलाकर पूछताछ करने पर विनोद ने स्वीकार किया कि उसने अपने छोटे बेटे को हत्या की नियत से कुएं में फेंककर स्वयं पानी में उतरकर उसकी हत्या की।
घटना के तुरंत बाद लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लैलूंगा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी विनोद महेश्वरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस घटना पर कहा, “यह अत्यंत पीड़ादायक और झकझोर देने वाली घटना है। किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेना या मासूम जीवन के साथ इस प्रकार की क्रूरता अस्वीकार्य है। घरेलू तनाव या पारिवारिक विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि मानसिक तनाव के संकेतों को गंभीरता से लें। रायगढ़ पुलिस ऐसे जघन्य अपराधों पर त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई करती रहेगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है।”

More Stories
जीवन की गुणवत्ता, सुशासन और मानवीय गरिमा सुनिश्चित करना
स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा! कर्मचारी की मौत के बाद गेट पर शव रखकर धरने पर बैठे परिजन, मुआवजे की मांग तेज
अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आएगी और तेजी, कानून का उल्लंघन करने वालों पर होगी विधिसम्मत कार्रवाई