May 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रेलवे परीक्षा देने आया युवक, अभनपुर में ट्रेन से गिरकर मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से गिरने के कारण 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जय राम मांझी, पिता कोखसरिया मांझी, उम्र 21 वर्ष, निवासी गोलाबंध, थाना नुआपड़ा, जिला नुआपड़ा (ओडिशा) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक 4 फरवरी 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन से शाम करीब 4.00 बजे रायपुर से अभनपुर जाने के लिए ट्रेन का टिकट लेकर रवाना हुआ था।

यह टिकट मृतक की जेब से बरामद हुआ है, जिससे उसकी यात्रा की पुष्टि हुई। बताया गया कि जय राम मांझी रेलवे से संबंधित परीक्षा देने के लिए ओडिशा के बालांगीर से रायपुर आया था। उसका परीक्षा केंद्र कलिंग यूनिवर्सिटी में निर्धारित था। मृतक के चाचा छबि लाल मांझी, जो इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे, ने पुलिस को बताया कि परीक्षा देने के बाद जय राम रायपुर से अभनपुर की ओर जा रहा था। ट्रेन के सीबीडी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वह समय पर नीचे नहीं उतर सका। ट्रेन के आगे बढ़ जाने पर उसने जल्दबाजी में उतरने का प्रयास किया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, जिसमें चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास के दौरान गिरने से युवक की मौत हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभनपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा रेलवे से संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के सटीक कारणों की पुष्टि की जा सके। वहीं, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।