रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सघन और निर्णायक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते तीन दिनों के भीतर पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 65.9 लीटर देशी, अंग्रेजी एवं कच्ची महुआ शराब जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,680 बताई जा रही है। साथ ही अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जप्त किया गया है, जिसे राजसात करने हेतु जिलादंडाधिकारी रायगढ़ को प्रतिवेदन भेजा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा एवं नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ऐसे लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की है।
घरघोड़ा में कच्ची महुआ शराब पर कार्रवाई बीते मंगलवार को थाना घरघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अमलीडीह में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर आरोपी परमेश्वर राठिया (22 वर्ष), निवासी ग्राम अमलीडीह, के कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाले दो पीले डिब्बों में भरी कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री रकम ₹1,150 बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 34(ख) आबकारी अधिनियम एवं धारा 34-2, 59-क के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
कापू में गांजा बेचती महिला गिरफ्तार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के तहत थाना कापू पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में दबिश दी। यहां आरोपी चम्पा यादव (58 वर्ष), निवासी पखनाकोट सुकवासुपारा, को घर से गांजा बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 0.818 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹13,000 है, तथा एक Oppo A11k मोबाइल फोन जप्त किया। पूछताछ में आरोपिया ने घर से गांजा बिक्री करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।
ग्राम बंधनपुर में जुआ फड़ ध्वस्त जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 03–04 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना कापू पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान ग्राम बंधनपुर में भारत कुर्रे के घर के सामने स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ व्यक्तियों द्वारा काट-पत्ती जुआ खेले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से 5 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से ₹22,500 नगद और 52 पत्ती ताश जप्त की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की सख्ती से असामाजिक तत्वों में हड़कंप लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से जिले में अवैध शराब, गांजा एवं जुआ-सट्टा से जुड़े असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। एसएसपी का संदेश एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा “जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर ऐसे कारोबारियों पर है। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नशामुक्ति को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।” रायगढ़ पुलिस के इस सघन अभियान से साफ है कि जिले को नशा और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है।

More Stories
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मैनपाट की पेयजल समस्या पर लिया त्वरित संज्ञान, तुरंत दिए निर्देश
Bengal CM 2026: BJP भी महिला मुख्यमंत्री चुन सकती है? 9 मई को शपथ ग्रहण
IPL 2026 प्लेऑफ्स शेड्यूल: फाइनल अहमदाबाद में, धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में क्वालीफायर मैच