May 7, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

इंदौर के भागीरथपुरा में Zinc-ORS कीट का व्यापक वितरण, 50 दलों ने किया सर्वे

इंदौर: भागीरथपुरा क्षेत्र में रविवार को 50 दलों ने सर्वे किया। 176 सदस्यों ने 924 घरों में ओआरएस और जिंक की कीट वितरित की। इसके साथ ही बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सभी लोगों की विभिन्न जांच की जा रही है। रविवार को स्वास्थ्य केंद्र में 13 मरीज उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर पहुंचे, इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

सर्वे में विश्लेषण अनुसार 94 प्रतिशत लोगों तक जिंक और ओआरएस की कीट पहुंच गई है। हेल्थ कार्ड भी रहवासियों को वितरित किए गए, जिसमें उनके स्वास्थ्य के सूचकांकों की जानकारी दी गई है। आशा कार्यकर्ताओ ने लोगों को भयमुक्त रहने के बारे में भी समझाइश दी।

हालांकि अभी भी 42 मरीज अस्पतालों में भर्ती है, इनमें से 13 आईसीयू में भर्ती है। अब तक कुल 427 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहीं 21 लोगों की दूषित पानी के कारण अब तक मौत हो चुकी है।

सर्वे टीम कर रही यह जांचें

स्वास्थ्य विभाग द्वारा रहवासियों की डिहाइड्रेशन स्तर, ऊंचाई, वजन, पोषण स्थिति, हीमोग्लोबिन, एनीमिया स्थित, रक्तचाप, ब्लड शुगर, मधुमेह आदि की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों से यह जानकारी भी ली जा रही है कि वह फालोअप के लिए दोबारा डॉक्टर के पास गए या नहीं।