June 26, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

इंदौर में मांझे का कहर: 2 मौत, 11 घायल, पुलिस ने दी स्कार्फ बांधने की सलाह

इंदौर। सिंथेटिक डोर (मांझा) से हुई ठेकेदार रघुवीर धाकड़ की मौत हादसा नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है। पिछले दो महीने में दो लोगों की मौत हो चुकी है और 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की गर्दन में गहरे घाव हैं। पुलिस का दावा है कि 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पांच को जिलाबदर किया गया है।

यह शंका है कि यात्री बसों और ऑनलाइन खरीदी-बिक्री के माध्यम से हो रहा है। ओम विहार कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय रघुवीर धाकड़ की गर्दन में फंसा मांझा सिंथेटिक निकला। पुलिस को मौके पर मिली पतंग में धागा लिपटा हुआ मिला। इसका एक हिस्सा धाकड़ की गर्दन में लिपटा था। अधिकारियों ने धागा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं टूटा। इससे स्पष्ट हो गया कि मांझा चाइनीज नहीं, सिंथेटिक है।

हालांकि, इसकी फोरेंसिक जांच करवाई जाएगी। 30 नवंबर को कनाड़िया बायपास पर ओमेक्स सिटी निवासी आठवीं के छात्र गुलशन की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण मौत हो गई थी। साथी अरुण घायल हो गया था। अभी तक शहर में 11 हादसे चाइनीज मांझे के कारण हो चुके हैं। एडि. डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार पुलिस चाइनीज मांझे की खरीदी-बिक्री को लेकर अभियान चला रही है। 35 केस दर्ज कर 50 से ज्यादा को आरोपित बनाया है। गोदाम और दुकानें सील कीं।

चाइनीज मांझा : हालिया हादसे

  • 30 नवंबर 2025: तेजाजी नगर बायपास – 16 वर्षीय छात्र गुलशन (निवासी ओमेक्स सिटी) की चाइनीज मांझा गर्दन में फंसने से मौत हो गई।
  • 8 दिसंबर 2025: हाथीपाला क्षेत्र – 30 वर्षीय मोहम्मद रिहान खान बाइक चला रहे थे, जब तेज मांझा उनके गले में उलझ गया, जिससे गंभीर कट लगा।
  • 9 जनवरी 2026: छत्रीपुरा – बाइक से काम पर जाते समय अम्मारनगर निवासी हुसैन भाई की गर्दन में डोर उलझ गई। हालांकि डोर उलझते ही हुसैन ने बाइक रोक ली, लेकिन तब तक गर्दन में कट लग गया। अस्पताल ले जाना पड़ा।

ऐसे समझें अंतर

सिंथेटिक मांझा नायलान या प्लास्टिक से बनाया जाता है। चाइनीज मांझे में कांच का पाउडर या केमिकल कोटिंग की जाती है। इससे ब्लेड की तरह तेज हो जाता है। यह पूरे देश में प्रतिबंधित है।

चाइनीज मांझे से सावधान, सुरक्षा ही जीवन की पहचान

यातायात पुलिस ने पलासिया चौराहा पर रविवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खतरों के प्रति सचेत किया गया। दोपहिया चालकों को फुल फेस हेलमेट पहनने और गले में गमछा/स्कार्फ बांधने की सलाह दी गई। इंदौर पुलिस ने चाइनीस मांझे के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।