तवांग सेक्टर पर चीनी दुस्साहस को लेकर देशभर में उबाल है। हालांकि सेना चीन की पीएलए सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दे चुकी है। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन को कड़ा संदेश दिया है। राजनाथ ने कहा कि हमारा लक्ष्य सुपर पावर बनना है लेकिन, इसकी एवज पर हम किसी दूसरे की जमीन पर कब्जा नहीं करेंगे। राजनाथ ने यह बयान चीन की विस्तारवादी नीति को लेकर दिया है।
तवांग सेक्टर पर हालिया हुए संघर्ष को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन को खरी-खरी सुनाई है। फिक्की के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, “पीएम ने लाल किले से अपने संबोधन के दौरान देश को पांच प्रतिज्ञाओं के बारे में बताया था, जो भारत को सुपर पावर बनाने के लिए आवश्यक हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं माना जाना चाहिए कि हम किसी देश पर हावी होना चाहते हैं या कोई अन्य देश हमारी एक इंच जमीन पर भी कब्जा करने का इरादा रख सकता है।
चीन की टेढ़ी नजर
ताइवान का मुद्दा हो या अरुणाचल प्रदेश का तवांग सेक्टर। चीन की नजर हमेशा से ही दूसरे की सीमाओं पर रही है। दुनिया जानती है कि दूसरे देश की सीमाओं पर अवैध कब्जा और आढ़े-टेढ़े तरीके से किसी भी हालत में जमीन हथियाना चीन की पुरानी पॉलिसी का हिस्सा रही है। इस बार अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर पर चीन को यह हिमाकत भारी पड़ गई। 9 दिसंबर को चीनी सैनिकों की घुसपैठ का भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
बता दें कि इससे पहले संसद में रक्षा मंत्री ने देश को तवांग सेक्टर पर भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि चीन ने भारतीय पोस्ट पर कब्जा करने की कोशिश की लेकिन, हमारे जवानों ने यह कोशिश विफल कर दी। एक बार फिर सरहद पर तनाव का माहौल है। हालांकि सरकार का कहना है कि हमारे जवान सीमा पर चौकसी के साथ सुरक्षा दे रहे हैं। हमारा देश जवानों के हाथों में सुरक्षित है।

More Stories
विधायक चातुरी नंद का जन्मदिन जनसेवा के रूप में धूमधाम से मनाया गया
मनमीत सिंह छाबड़ा बने सांसद प्रतिनिधि
सिंदूर पार्क कार्यक्रम : गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज – मुख्यमंत्री ने दी बधाई