March 14, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

सूटकेस में मिला शव – पत्नी पर पति की हत्या का शक, जांच जारी..

जशपुर नगर :

8जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की लाश उसके ही घर से सूटकेस में मिली है। पुलिस ने मामले को हत्या बताते हुए मृतक की पत्नी को मुख्य आरोपिया के रूप में चिन्हित किया है। फिलहाल आरोपिया फरार है, जिसकी तलाश पुलिस की विशेष टीम कर रही है।

आपको बता दें कि जशपुर SSP शशिमोहन सिंह ने बताया कि मृतक संतोष भगत (उम्र 43 वर्ष), ग्राम भिंजपुर में अपनी पत्नी के साथ रहता था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन 07 नवंबर को पति-पत्नी के बीच जोरदार झगड़ा हुआ, जिसकी आवाज फोन पर कोरबा में रहने वाली उनकी मंझली बेटी ने भी सुनी थी। अगले दिन यानी 08 नवंबर को उसी बेटी को फोन कर आरोपिया ने बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और शव को कंबल में लपेटकर सूटकेस में बंद कर रखा है। यह सुन बेटी घबरा गई और 09 नवंबर को गांव पहुंचकर अपने बड़े चाचा विनोद मिंज को सूचना दी। जिसके बाद थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली, जहां एक बड़े गहरे लाल रंग के ट्रॉली सूटकेस के अंदर कंबल में लिपटा मृतक का शव बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उक्त मामले में थाना दुलदुला में आरोपिया पत्नी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे का कारण पूछताछ और गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट होगा।

एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम महाराष्ट्र की ओर रवाना की गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरी घटना की वजहों का खुलासा किया जाएगा।