विकास खंड के सभी 107 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप
सरायपाली// मोहम्मद इरफ़ान शेख :
आज विकास खंड अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा जनपद पंचायत में अपना आक्रोशित जाहिर करते हुए नारे बाजी के साथ विरोध दर्ज कराया.
सरायपाली विकास खंड के ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़ने से नाराज़ सरपंचों ने आज नई मंडी प्रांगण में बैठक कर सरकार के खिलाफ नाराज़गी जताई।
सरायपाली विकासखण्ड के 107 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने बताया कि ग्राम पंचायतों में पेयजल, विद्युत बिल भुगतान, भवन मरम्मत, नाली-नाली सफाई, सड़क रखरखाव जैसे अनेक मूलभूत कार्य अटके हुए हैं। सभी सरपंचों ने कहा कि चुनाव के बाद 8 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक शासन की ओर से 15वीं एवं 16वीं वित्त आयोग की राशि पंचायतों को नहीं दी गई है, जिससे पंचायतों में जरूरी काम रुक गए हैं और जनता को असुविधा हो रही है।
सरपंच संघ अध्यक्ष श्रीमती रेखा लिंगराज ने कहा कि हम सरपंचों कि राशि नहीं मिलने के अभाव में न तो पेयजल व्यवस्था सुधर पा रही है और न ही पंचायतों में साफ-सफाई एवं रोशनी की व्यवस्था सुचारू रूप से चल पा रही है। इसी मांग को लेकर आज सरपंचों ने जनपद पंचायत सरायपाली पहुंचकर जोरदार नारेबाज़ी की और ज्ञापन सौंपते हुए शासन से तत्काल राशि जारी करने की मांग की है. साथ ही मानदेय 10 हज़ार रू की जाए जिस के लिए वे जल्द मुख्यमंत्री से मिलेंगे.
सरपंचों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही राशि जारी नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे और जिला मुख्यालय तक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराएंगे.
जनपद पंचायत में सरपंचों के इस सामूहिक प्रदर्शन से प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
इसके अलावा, सरपंचों ने बताया कि पंचायती कार्य में नेताओं और ठेकेदारों के माध्यम से काम कराया जा रहा है, जिसमें वे डर के माहौल में हैं। उन्होंने मांग की है कि इस प्रक्रिया में बदलाव किया जाए और सरपंचों को भी इसमें शामिल किया जाए।
सरपंचों ने यह भी मांग की है कि राशन कार्ड और पेंशन योजना के पोर्टल जल्दी खोले जाएं, ताकि हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। सभी सरपंचों ने एकजुट होकर इन मुद्दों पर आवाज उठाई है और सरकार से मांग की है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
अब देखना होगा कि शासन कब तक उनकी मांगों पर संज्ञान लेकर राशि जारी करता है।

More Stories
खारुन की दर्दनाक कहानी: कहीं जलकुंभी का जंगल, कहीं जहरीला पानी, नदी किनारे बसे गांव प्यास से बेहाल
कोर्ट में पैरवी कर रहे थे वकील, इधर मोबाइल हुआ अपडेट और उधर खाते से उड़ गए ₹1.42 लाख
बिना पुनर्वास किसी को नहीं करेंगे बेघर: नकटी के ग्रामीणों को बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा भरोसा