June 28, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

सरकारी आवास में एएसआई की संदिग्ध मौत, विभाग में शोक की लहर

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आई। थाना चिल्फी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शेषनाथ चौबे का शव उनके सरकारी आवास में बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। ड्यूटी पर पहुंचने से ठीक पहले हुई इस अचानक मौत से पुलिस विभाग में गहरा शोक फैल गया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो साथियों को हुआ संदेह

मंगलवार 7 अक्टूबर को जिले में एक वीआईपी का आगमन प्रस्तावित था, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसआई चौबे की भी ड्यूटी लगाई गई थी। तय समय पर जब वे ड्यूटी स्थल पर नहीं पहुंचे तो सहकर्मियों ने उनके सरकारी क्वार्टर जाकर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर शंका गहराई। दरवाजा खोलकर अंदर झांका गया तो चौबे बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। पास जाकर देखने पर पता चला कि वे सांस नहीं ले रहे थे और शरीर ठंडा पड़ चुका था।

तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में किसी भी प्रकार के संघर्ष या चोट के निशान नहीं मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चौबे की मौत नींद में हृदयाघात (हार्ट अटैक) से हुई होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी।

 1992 में शुरू हुआ सेवा सफर

एएसआई शेषनाथ चौबे वर्ष 1992 में जिला राजनांदगांव में आरक्षक के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। अपने 30 से अधिक वर्षों की सेवा अवधि में उन्होंने कई थानों और चौकियों में जिम्मेदार पदों पर कार्य किया। विभाग में वे एक कर्मठ, ईमानदार और अनुशासित अधिकारी के रूप में सम्मानित थे। वर्तमान में वे 28 अप्रैल 2025 से थाना चिल्फी में पदस्थ थे और पूरे समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे।

 परिवार और विभाग में शोक

घटना की खबर फैलते ही पूरे जिले के पुलिस अमले में शोक की लहर दौड़ गई। थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम उपरांत पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंप दिया गया।

चौबे अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस विभाग के अधिकारी और सहकर्मी उनकी सादगी और सेवा भाव को याद करते हुए भावुक नजर आए। विभाग ने परिजनों को सभी शासकीय सहायता व सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

 जांच जारी, विभाग ने जताया गहरा शोक

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मौत के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। अचानक हुई इस घटना ने न केवल विभाग को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि सभी साथियों के बीच चौबे की सादगी और समर्पण भरी छवि को अमर कर दिया है।