June 28, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

अवैध शराब परिवहन में पकड़ा गया महतारी सेवा एक्सप्रेस का ड्राइवर, सेवा से बर्खास्त कर जेल भेजा गया

रायपुर। राजनांदगांव जिले के छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ महतारी सेवा एक्सप्रेस एम्बुलेंस (सीजी 07-सीपी 3015) के चालक राहुल साहू को पुलिस ने शराब का अवैध परिवहन करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिलने के बाद राज्य कार्यालय ने चालक को सेवा से बर्खास्त कर दिया। साथ ही जिला समन्वयक, 102 महतारी सेवा एक्सप्रेस रजनीश श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

सख्त कार्रवाई का संदेश
एम्बुलेंस का संचालन साईराम टेक्नो मैनेजमेंट द्वारा राज्य कार्यालय से एमयू के आधार पर किया जाता है। कॉल सेंटर से आईडी जनरेट कर चालक को कार्य सौंपा जाता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में चालक को किसी भी प्रकार का आदेश प्राप्त नहीं हुआ था, फिर भी उसने एम्बुलेंस का दुरुपयोग किया।

पुलिस ने चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि 102 महतारी सेवा एक्सप्रेस का उपयोग किसी भी अवैधानिक गतिविधि में किया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।