August 29, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

बेसन या हल्दी, जानें कौन सा फेस पैक त्वचा को देता है इंस्टेंट ग्लो

शादी की तैयारियां हों या पार्टी के लिए होना हो रेडी, त्वचा पर इंस्टेंट ग्लो लाने के लिए महिलाएं महंगे फेशियल से लेकर फेस पैक लगाने तक, कई तरह के जतन करती हैं। बात अगर घरेलू नुस्खों की करें तो दादी-नानी के जमाने से बेसन और हल्दी का फेस पैक निखार पाने का एवरग्रीन उपाय रहा है। लेकिन अगर सवाल किया जाए कि बेसन और हल्दी में से आखिर कौन सा फेस पैक त्वचा को इंस्टेंट ग्लो देता है तो हो सकता है आपके लिए इसका जवाब देना थोड़ा मुश्किल हो जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि बेसन और हल्दी, दोनों ही अपने प्राकृतिक गुणों के लिए जाने जाते हैं। जिससे त्वचा साफ, चमकदार और जवां बनी रहती है। अगर आप इस सवाल का जवाब जानना चाहते हैं तो पढ़ें ये खबर।
बेसन और हल्दी

बेसन त्वचा की डेड स्किन साफ करके अतिरिक्त तेल और गंदगी को साफ करता है। जबकि हल्दी अपने जीवाणुरोधी और सूजन-रोधी गुणों के लिए पसंद किया जाता है। बेसन और हल्दी दोनों ही त्वचा को चमकदार और स्वस्थ बनाने में मदद करते हैं। लेकिन यह जानना जरूरी है कि दोनों में से कौन सा फेस पैक त्वचा को इंस्टेंट ग्लो देता है।
बेसन के फेस पैक के फायदे

बेसन त्वचा से अतिरिक्त तेल और गंदगी को हटाता है, जिससे चेहरा तुरंत साफ और चमकदार दिखता है। यह एक प्राकृतिक स्क्रब है जो मृत त्वचा को हटाकर त्वचा की रंगत को निखारता है। बेसन (ऑयली, ड्राई, कॉम्बिनेशन) सभी तरह की त्वचा के लिए उपयुक्त रहता है।
हल्दी फेस पैक के फायदे

हल्दी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा को चमकदार और दाग-धब्बों से मुक्त करते हैं। यह त्वचा की रंगत को निखारकर सूजन को कम करते हैं। हल्दी खासकर डल और थकी त्वचा को तुरंत ग्लो देने के लिए जानी जाती है। लंबे समय तक चेहरे पर हल्दी का इस्तेमाल करने से मुहांसे और पिगमेंटेशन की समस्या कम होती है।
हल्दी या बेसन, कौन देता है तुरंत निखार?

अगर आपका लक्ष्य स्किन से अतिरिक्त तेल हटाकर तुरंत निखार पाना है, तो बेसन तेजी से काम करता है। यह त्वचा को तुरंत साफ करके एक फ्रेशनेस देता है। जबकि हल्दी लंबे समय तक निखार बनाए रखने में ज्यादा असरदार है, यह चेहरे के दाग-धब्बों को कम करके समय के साथ त्वचा की रंगत को एक समान बनाती है।