April 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उद्योग मंत्री देवांगन की बधाई

रायपुर। गोवा में एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर कोरबा लौटे खिलाडिय़ों को वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने बधाई देकर उनका हौसला अफजाई किया।
15 नवंबर से 17 नवंबर तक गोवा के मापुसा पेंडम इंडोर स्टेडियम में एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका, कंबोडिया, वियतनाम समेत अन्य देशों के 300 खिलाड़ी शामिल हुए। इस प्रतियोगिता में कोरबा के हार्दिक दुरेजा 85 किलोग्राम भार में स्वर्ण पदक, विशाल कुमार साहू 63 किलोग्राम भार में स्वर्ण पदक, मुस्कान जायसवाल 57 किलोग्राम भार में रजत पदक जीता।।

गुरुवार को मंत्री श्री देवांगन के कोरबा जिले के कोहडिय़ा स्थित निवास पर सभी प्रतिभागियों ने मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन से सौजन्य भेंट कर अपनी उपलब्धि की जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने खिलाडियों को उत्साहवर्धन करते हुए उज्जवल भविष्य की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कोरबा शहर के खिलाडिय़ों ने यह गौरवमयी उपलब्धि हासिल की है। उनकी मेहनत और लगन से प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों को नई प्रेरणा मिलेगी। सभी पर हमें गर्व है और आशा करते हैं कि भविष्य में वह और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे। इस अवसर पर पीतांबर साहू, महेन्द्र सिंह, अनिल डडसेना, केदारनाथ जायसवाल, मो आरिफ सहित अन्य उपस्थित रहे।