April 17, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

छत्तीसगढ़ में उपचुनाव की घोषणा

रायपुर. छत्तीसगढ़ में विधानसभा उप चुनाव का बिगुल बज गया है। यह चुनाव कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए हाेना है। यह सीट पिछले महीने कांग्रेस विधायक मनोज सिंह मंडावी के निधन से खाली हुई है। भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को इस चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। यह चुनाव गुजरात चुनाव के साथ ही कराया जाएगा। इसका परिणाम भी गुजरात-हिमाचल के परिणामों के साथ आएगा।

निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में एक संसदीय सीट और पांच विधानसभा सीटों पर उप चुनाव का कार्यक्रम जारी किया है। इसमें उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट है। इसके अलावा ओडिशा की पद्मपुर, राजस्थान की सरदार शहर, बिहार की कुरहनी, छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और उत्तर प्रदेश की रामपुर विधानसभा सीट पर उप चुनाव होने हैं।

इन चुनावों की अधिसूचना 10 नवम्बर को जारी कर दी जाएगी। इसी के साथ नामांकन शुरू होगा। पांच दिसम्बर को मतदान और 8 दिसम्बर को मतगणना की तारीख तय की गई है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

ऐसा रहेगा चुनाव का पूरा शेड्यूल

1.नामांकन-10 नवम्बर से 17 नवम्बर

2.नामांकन की जांच -18 नवम्बर

3.नाम वापसी का मौका -21 नवम्बर तक

4.मतदान-5 दिसम्बर

5.मतगणना- 8 दिसम्बर

6.चुनाव खत्म-10 दिसम्बर

20 दिन पहले मनोज मंडावी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उस वक्त वह धमतरी के सर्किट हाउस में रुके हुए थे। अगले दिन सुबह उनके सीने में अचानक दर्द हुआ। जिसके बाद उन्हें धमतरी के अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल ले जाते वक्त डॉक्टरों ने मनोज मंडावी को मृत घोषित कर दिया गया।