August 11, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

पुष्य नक्षत्र पर बाजार तैयार,हाेगा हजार करोड़ का कारोबार

रायपुर. पुष्य नक्षत्र के लिए राजधानी रायपुर के साथ ही प्रदेश के हर शहर का बाजार  सजकर तैयार हो गया है। एक ही दिन में हजार कराेड़ से ज्यादा का कारोबार हाेगा। सबसे ज्यादा कारोबार रीयल एस्टेट में होगा। लोगों को धनतेरस से ज्यादा इसी दिन का इंतजार रहता है। इसी के साथ सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और आटोमोबाइल्स सेक्टर में भी लोग जमकर खरीदारी करेंगे।
कोरोना के कारण पिछले दो साल से सारे सेक्टरों की रौनक छिन गई थी। हालांकि पिछले साल दीपावली में बाजार गुलजार हुए थे, लेकिन उतनी खरीदारी नहीं हुई थी, जितने की इस साल संभावना लग रही है। इस बार तो सारे सेक्टर में भारी बूम है। कारोबारियों को इस बार पिछले साल से 30 से 40 फीसदी ज्यादा कारोबार होने की संभावना है।
400 कराेड़ रीयल एस्टेट
पुष्य नक्षत्र को लोग मकानों और प्लाट की खरीदी के लिए ज्यादा शुभ मानते हैं। बिल्डरों के मुताबिक इस दिन का लोग इंतजार करते हैं, इस दिन के लिए पहले से भी लोग मकानों और प्लाटों की बुकिंग कराते हैं। मकानों की बिक्री धनतेरस से ज्यादा पुष्य नक्षत्र पर होती है। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश भर में थोक में योजनाओं में मकान लेने के लिए लोगों ने पहले से ही बुकिंग करवाई है। एक अनुमान के मुताबिक रीयल एस्टेट में पूरे प्रदेश में 300 से 400 करोड़ के मकान बिकेंगे। आने वाले समय में धनतेरस और दीपावली तक कुल मिलाकर हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है।
200 करोड़ से ज्यादा के बिकेंगे वाहन
पुष्य नक्षत्र पर लोग धनतेरस की तरह ही जमकर वाहन लेते हैं। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक लोगों को धनतेरस की तरह की पुष्य नक्षत्र का भी बेताबी से इंतज़ार रहता है। इस दिन भी लोग भारी संख्या में वाहन खरीदते हैं। एक अनुमान के मुताबिक अपने राज्य में करीब दो सौ करोड़ का कारोबार होगा। आने वाले समय में धनतेरस और दीपावली को मिलाकर करीब 50 हजार वाहनों के बिकने की संभावना है। इसमें 40 हजार से ज्यादा दुपहिया वाहन रहेंगे।

मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स में 100 करोड़ बरसेंगे
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार भी नवरात्रि से गुलजार है और जमकर खरीदारी हो रही है। पुष्य नक्षत्र पर लोग फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी, एलईडी, इलेक्ट्रिक चिमनी, ओवन सहित इलेक्ट्रॉनिक सामानों की जमकर खरीदारी करेंगे। कारोबारियों के मुताबि प्रदेश में सौ करोड़ का कारोबार होने की अनुमान है।
सराफा बाजार में रहेगी राैनक
पुष्य नक्षत्र पर सोना और चांदी खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। सराफा कारोबारी हरख मालू के मुताबिक पुष्य नक्षत्र पर धनतेरस की तरह ही बाजार खरीदारी होती है। कारोबारी खरीदारी का आंकड़ा बताने से बच रहे हैं, लेकिन कुछ कारोबारी नाम न छापने की शर्त पर कहते हैं कि पूरे प्रदेश में पुष्य नक्षत्र में भी तीन सौ करोड़ के आस-पास कारोबार होने का अनुमान है।