रायपुर. राजधानी रायपुर के साथ ही आधा दर्जन बड़े जिलाें के भी भाजपा अध्यक्ष बहुत जल्द निपटने वाले हैं। प्रदेश भाजपा में चल रही बदलाव की बयार में अब जल्द ही जिलाध्यक्षों की बारी आने वाली है। धमतरी में हुई बड़ी बैठक के बाद कभी भी सूची जारी होने की बात लगातार की जा रही है। जिन जिलों के जिलाध्यक्ष बदले जाने हैं, उसमें रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, भिलाई, जगदलपुर, अंबिकापुर भी शामिल हैं। इसी के साथ कई छाेटे जिलों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे।
भाजपा के जानकारों का साफ कहना है, जाे भी जिलाध्यक्ष अपने को अब तक साबित नहीं कर सके हैं और निष्क्रिय माने जा रहे हैं, उनका बदला जाना तय है। इसी के साथ जिन जिलाध्यक्षों को कार्यकर्ता भी पसंद नहीं कर रहे हैं और जो कार्यकर्ताओं की सुनते ही नहीं हैं, उनकी विदाई भी तय है। एक दर्जन से ज्यादा जिलाध्यक्षों पर गाज गिरने की संभावना है। इसके लिए तीन स्तर पर सर्वे हो चुका है। जहां आरएसएस ने सर्वे करवाया है, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने अलग और प्रदेश संगठन ने भी अलग से सर्वे करवाया है। इन सर्वे पर धमतरी की बैठक में मंथन भी हो चुका है। इस बैठक में यह भी फैसला हुआ कि जो करना है जल्दी किया जाए। पहले कहा गया 8 अक्टूबर को सूची जारी होगी, इसके बाद दस अक्टूबर को सूची जारी होने की बात सामने आई। लेकिन अब यह कहा जा रहा है कि नए जिलों में भी अध्यक्ष बनाए जाने हैं, ऐसे में थोड़ा सा विलंब करके पूरी सूची एक साथ जारी की जाए।
रायपुर में श्रीचंद के बदले संजय संभव
भाजपा के इस समय 30 संगठन जिले हैं। इनमें से एक दर्जन से ज्यादा जिलों के अध्यक्ष निशाने पर हैं। इसमें आधा दर्जन बड़े जिले भी शामिल हैं। राजधानी रायपुर शहर अध्यक्ष को भी बदलने जाने की बात हो रही है। यहां पर श्रीचंद सुंदरानी के स्थान पर आरडीए के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव काे अध्यक्ष बनाए जाने की पूरी संभावना है। वैसे इनके अलावा जयंती पटेल, प्रफुल्ल विश्वकर्मा और ओंकार बैस के नाम भी सामने आ रहे हैं।
नए जिलों के अध्यक्षाें पर भी कवायद
राजनांदगांव के अध्यक्ष मधुसूदन यादव को प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाया गया है, ऐसे में उनके स्थान पर किसी और को अध्यक्ष बनाया जाएगा। भाजपा का विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा फोकस बस्तर और सरगुजा पर है, ऐसे में जगदलपुर और अंबिकापुर के साथ इन संभागों के कुछ जिलों के भी अध्यक्ष बदले जाएंगे। इसी के साथ सूरजपुर, गरियाबंद जैसे कई छोटे जिलों के अध्यक्षों को भी बदलने की बात हो रही है। इसी के साथ नए जिलों में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान- गंड़ई, सारगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती में भी नए अध्यक्ष बनाए जाएंगे। इसको लेकर भी नामों में पर रायशुमारी हो रही है।

More Stories
Haemophilia Disease: मामूली चोट भी हो सकती है जानलेवा, जानें इस खतरनाक Bleeding Disorder के लक्षण और इलाज
सान्या मल्होत्रा ने ‘टोस्टर’ फिल्म में राजकुमार राव के साथ किया जबरदस्त अभिनय, बताया अपना सफर सपनों जैसा
रोहित शर्मा को इस पूर्व कप्तान ने बताया महान खिलाड़ी, 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर भी दी अहम सलाह