May 31, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

जयप्रकाश नारायण का स्मरण किया गया मध्यप्रदेश में

भोपाल, देश की राजनीति में शोषण और अधिनायकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर आज उनका विभिन्न राजनेताओं ने स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के जरिए लिखा है, ‘अंग्रेजों के अन्याय और अत्याचार व स्वतंत्रता के पश्चात आपातकाल और शोषण के विरुद्ध लड़ने वाले अथक क्रांतिकारी, राजनीति के युगपुरुष लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि महान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकनायक एवं भारत रत्न से सम्मानित श्री जय प्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर वे उन्हें भावपूर्ण नमन करते हैं। राष्ट्र के प्रति उनकी अप्रतिम निष्ठा व समर्पण भाव सदैव स्मरणीय रहेगी।
राज्य के अनेक मंत्रियों और विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने भी श्री नारायण का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।