April 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

गांधी जयंती पर राजघाट क्यों नहीं आए, तोड़ा गया प्रोटोकॉल

नई दिल्ली. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेटर लिखा है। सक्सेना ने दिल्ली के सीएम से 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिन पर राजघाट, विजय घाट नहीं पहुंचने को लेकर सवाल दागा है। रविवार को गुजरात में पार्टी के लिए प्रचार में जुटे रहे केजरीवाल से उन्होंने ना आने की वजह पूछी है।

एलजी ने 5 पन्नों का लेटर लिखकर मुख्यमंत्री या अन्य किसी मंत्री के नहीं आने पर लेटर लिखा है। एलजी ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आए लेकिन कुछ ही देर बाद चले गए। सक्सेना ने 10 पॉइंट में लिखे इस लेटर में आरोप लगाया है कि तय प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। एलजी ने यहां तक लिखा है कि सिर्फ अखबारों में विज्ञापन जारी कर देना काफी नहीं है।

एलजी वीके सक्सेना ने दिल्ली सीएम को लिखे लेटर में लिखा, ”बहुत दुख और निराशा के साथ मैं आपके संज्ञान में आपके और आपकी सरकार की ओर से कल गांधी जयंती और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की सालगिरह पर आयोजित समारोह की उपेक्षा की ओर ध्यान दिलाना चाहता हूं। मैं यह बताने को विवश हूं कि ना तो आप और ना ही आपके कोई मंत्री राजघाट या विजय घाट पर मौजूद थे, जबकि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर, सभी दलों के नेता, विदेशी दूत और आम लोग बापू और शास्त्री जी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री बेमन से कुछ मिनटों तक मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने इसे वहां रुकने लायक नहीं समझा।”