जम्मू. जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में जारी ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के दौरान सुरक्षा बलों ने मंगलवार को चार और आतंकवादियों को मार गिराया।
उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटों में सुरक्षा बलों ने पुंछ जिले में मुठभेड़ के दौरान छह आतंवादियों को मार गिराया है।
सेना ने सोमवार देर रात पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को ढेर किया था।
रक्षा प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुंछ जिले में सुरनकोट तहसील के सिंदाराह और मैदाना गांवों के पास सेना और पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान मुठभेड़ में चार आतंकवादियों को मार गिराया गया।
उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकवादियों के पास से चार एके-47, दो पिस्तौल और युद्ध जैसी अन्य सामग्रियों का भंडार बरामद हुआ है।
प्रवक्ता ने कहा कि इन आतंकवादियों के मारे जाने से राजौरी और पुंछ इलाकों में बड़ी आतंकवादी घटनाएं टल गयी है। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है।

More Stories
ब्लू वाटर में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान को नम आंखों से अंतिम विदाई, हजारों लोगों ने दी सुपुर्द-ए-खाक
शिक्षा मंत्री के गृह जिले में Gen Alpha का चक्काजाम! शिक्षक-शौचालय के लिए सड़क पर उतरे छात्र, भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा
गायों की मौत पर दीपक बैज का सरकार पर बड़ा हमला, 10 हजार गौठान बंद होने का लगाया आरोप