June 18, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

आतंकवादियों को मदद करने के आरोप में तीन अधिकारी बर्खास्त

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर सरकार ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई एवं सीमापार के आतंकवादी संगठनों के साथ मिल कर केन्द्र शासित प्रदेश में आतंकवाद एवं अलगाववाद के लिए काम करने के आरोप में तीन सरकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने आज यहां बताया कि जिन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है, उनमें श्रीनगर स्थित कश्मीर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी, राजस्व विभाग के एक अधिकारी और जम्मू कश्मीर पुलिस में कार्यरत एक कॉन्स्टेबल शामिल है। अधिकारी ने बताया कि कश्मीर विश्वविद्यालय के पीआरओ फहीम असलम, राजस्व विभाग के अधिकारी मुरव्वत हुसैन मीर और पुलिस कांस्टेबल अर्शीद अहमद ठोकर को जांच के बाद बर्खास्त कर दिया गया क्योंकि जांच में यह स्पष्ट रूप से स्थापित हो गया है कि तीनों पाकिस्तान की आईएसआई और आतंकवादी संगठनों की ओर से काम कर रहे थे।
अधिकारी ने कहा, “ तीनों को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों के साथ सक्रिय रूप से काम करने, आतंकवादियों को रसद मुहैया कराने, आतंकवादी विचारधारा का प्रचार करने, आतंक के लिए धन जुटाने और अलगाववादी एजेंडे को आगे बढ़ाने का दोषी पाया गया है। जांच में उन पर ये सभी आरोप पुख्ता तौर पर स्थापित हो गये हैं। सरकार ने भारतीय संविधान की धारा 311(2)(सी) के अंतर्गत तीनों सरकारी कर्मचारियों की बर्खास्तगी के आदेश जारी किये हैं।