बेंगलुरु, लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ खेले गये इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाये रखने के लिये रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के कप्तान फाफ डु प्लेसिस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आईपीएल की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पर सोमवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के 15वें मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाये रखने के लिये जुर्माना लगाया गया है।”
विज्ञप्ति में कहा गया, “चूंकि आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह इस सीजन में न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित टीम का पहला अपराध है, कप्तान फाफ डु प्लेसिस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”
सुपरजायंट्स ने सोमवार को खेले गये मुकाबले में आरसीबी पर एक विकेट की जीत दर्ज की। सुपरजायंट्स के 11वें नंबर के बल्लेबाज आवेश खान ने उत्साह में जीत का जश्न मनाते हुए अपना हेलमेट ज़मीन पर दे मारा, जिसके लिये मैच रेफरी ने उन्हें भी फटकार लगायी।
आवेश के ऊपर हालांकि कोई आर्थिक जुर्माना नहीं लगाया गया।
“लखनऊ सुपरजायंट्स के आवेश खान को आचार संहिता के उल्लंघन के लिये फटकार लगाई गयी है। आवेश ने आईपीएल की आचार संहिता के स्तर-1 के अपराध 2.2 और सजा को स्वीकार किया।”
आचार संहिता के स्तर-1 के उल्लंघन के लिये मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है।

More Stories
छत्तीसगढ़ में 1 अक्टूबर तक बंद रहेंगे सभी टाइगर रिजर्व और अभयारण्य, जंगल सफारी पर रोक
बस्तर में 17 जोड़े बने जीवनसाथी, आत्मसमर्पण कर चुके 2 पूर्व नक्सली दंपतियों ने भी रचाई शादी
दंतेवाड़ा बनेगा जैविक खेती का मॉडल जिला! किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण बचाने का बड़ा अभियान शुरू