August 26, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

त्रिपुरा चुनाव में भाजपा की लगातार बढ़त

अगरतला. त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) 60 सदस्यीय विधानसभा में 27 में से 14 सीटों पर आगे चल रही है, जहां गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई है।
राज्य के उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा चारिलम (सु) सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी तिपरा मोथा के उम्मीदवार सुबोध देव वर्मा से 1000 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं।
विपक्षी कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन सात सीटों पर आगे है। कांग्रेस उम्मीदवारों ने तीन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने विरोधियों को पीछे छोड़ दिया है, जबकि तीन सीटों पर माकपा की स्थिति मजबूत बनी हुई है। वहीं टिपरा मोथा के उम्मीदवार छह सीटों पर आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस के कद्दावर नेता सुदीप रॉयवर्मन अगरतला निर्वाचन क्षेत्र से अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी पापिया दत्ता से 1500 मतों से आगे चल रहे हैं।
रामनगर में भाजपा उम्मीदवार सुरजीत दत्ता निर्दलीय उम्मीदवार पुरुषोत्तम रॉय बर्मन के मुकाबले 2000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे थे, जिन्हें विपक्षी कांग्रेस-एलएफ गठबंधन और तिपरा मोथा का समर्थन प्राप्त है।