साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री अमाला पॉल को केरल के एक हिंदू मंदिर में प्रवेश करने से राेक दिया गया। उन्हें भगवान शिव के दर्शन नहीं करने दिए गए। जिसके बाद अमाला पॉल बेहद दुखी हैं। उन्होंने केरल के एर्नाकुलम स्थित तिरुवैरानिकुलम मंदिर के अधिकारियों पर ‘धार्मिक भेदभाव’ के आरोप भी लगाए हैं। लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर मंदिर के अधिकारियों ने ऐसा क्यों किया? आइए जानते हैं।
इस वजह से अमाला को नहीं मिली एंट्री
साउथ के कई मंदिरों में कई ऐसे नियम हैं, जिनकी वजह से विवाद खड़े होते रहते हैं। केरल के एर्नाकुलम के तिरुवैरानिकुलम मंदिर के ऐसे ही एक नियम पर बवाल हो रहा है। दरअसल, हाल ही में जब अभिनेत्री तिरुवैरानिकुलम मंदिर पहुंची तब प्रशासन ने उन्हें बाहर से ही दर्शन करने के लिए कहा। अभिनेत्री ने उनसे कारण पूछा तो उन्होंने हिंदू मान्यताओं का हवाला देते हुए कहा कि सिर्फ हिंदू ही मंदिर में प्रवेश कर सकते हैं।
दुखद और निराशाजनक है – अमाला
भगवान शिव के दर्शन नहीं हो पाने की वजह से अमाला निराश हो गईं। उन्होंने मंदिर के विजिटर रजिस्टर में अपनी भावनाओं को जाहिर करते हुए लिखा, ‘यह दुखद और निराशाजनक है। साल 2023 में भी धार्मिक भेदभाव हो रहा है। मैं भले ही दर्शन न कर सकी, लेकिन मुझे दूर से ही उनका आशीर्वाद मिल गया। उम्मीद करती हूं कि जल्द ही धार्मिक भेदभाव दूर होगा और हम सभी एक-दूसरे के साथ इंसानों की तरह बर्ताव करेंगे, धर्म के आधार पर नहीं।’
सवालों के घेरे में मंदिर प्रशासन
इस घटना के सुर्खियों में आने के बाद मंदिर प्रशासन सवालों के घेरे में आ गया है। जब मीडिया ने उनसे इस बारे में बात की तो उन्होंने कहा कि वह सिर्फ मंदिर के नियमों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमाला पॉल से पहले भी कई अन्य धर्माें के भक्तों को मंदिर में प्रवेश करने से रोका गया है, किंतु जब कोई जानी-मानी हस्ती आती है, तो यह मामला विवादास्पद हो जाता है।
फिल्म ‘भोला’ में अजय देवगन के साथ नजर आएंगी अमाला
गौरतलब है कि अमाला पॉल साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने तमिल भाषा की कई हिट फिल्मों में काम किया है। दिलचस्प बात यह है कि वह जल्द ही बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की फिल्म ‘भोला’ में नजर आएंगी। यह फिल्म 30 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।

More Stories
विश्व रक्तदाता दिवस 2026: सिर्फ 1 यूनिट रक्त बचा सकती है 3 जिंदगियां, जानिए रक्तदान क्यों है सबसे बड़ा महादान
NEET UG 2026 री-एग्जाम की तारीख घोषित! 21 जून को रायगढ़ के 8 केंद्रों में होगी परीक्षा, प्रशासन अलर्ट मोड पर
रायपुर दुष्कर्म केस में बड़ा खुलासा! ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में 2 और गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाले तथ्य आए सामने