June 14, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मां ने तीन महीने की बच्ची को तीसरी मंजिल से फेंका, जानें क्यों उठाया ये कदम

गुजरात. मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपनी ही तीन महीने की बीमार बच्ची को तीसरी मंजिल से नीचें फेंककर मार डाला। रिपोर्ट्स के अनुसार ये दिल दहला देने वाली घटना अहमदाबाद के सिविर अस्पताल में हुई। शुरुआत में आरोपी मां ने अस्पताल प्रशासन को बच्ची के लापता होने का दावा करके गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज चेक की गई तो स्थिति साफ हुई। मृतक बच्ची का नाम अमरीन बताया जा रहा है और वह अस्पताल में पिछले दो सप्ताह से भर्ती थी। फिलहाल आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मां अपनी बेटी को लेकर गैलरी की ओर जाती और फिर खाली हाथ वापस आती हुई देखी गई। इसके बाद अमरीन का शव अस्पताल के कर्मचारियों को ग्राउंड फ्लोर पर मिला था। पूछताछ के बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि, मृतक बच्ची जन्म के तुरंत बाद बीमार हो गई थी। जिसके कारण वडोदरा के अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया। बाद में जब बच्ची की हालत बिगड़ गई तो उसे 14 दिसंबर को नदियाड के एक अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। एफआईर में बताया गया है कि बच्ची की आंत का एक हिस्सा उसके पेट से बाहर निकल आया था। इन्हीं सब बातों से परेशान होकर माँ ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। फिलहाल मामले में आरोपी मां ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।