June 14, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

भारत-श्रीलंका की नए साल में विजयी आगाज पर नजर

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम नए साल की शुरुआत श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से करने जा रही है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम सात बजे से शुरू होगा। टीम इंडिया की बागडोर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के हाथों में है, क्योंकि नियमित कप्तान रोहित शर्मा अनफिट हैं। वहीं, श्रीलंका की कमान दासुना शनाका के पास है। दोनों टीम जीत के साथ नए साल का आगाज करने की फिराक में होंगी।

शुभमन गिल कर सकते हैं डेब्यू

भारत के टी20 स्क्वॉड में कई युवा खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें ‘मिशन 2024’ को मद्देनजर रखते हुए चुना गया है। ऐसे ही एक खिलाड़ी शुभमन गिल हैं, जो 13 टेस्ट और 15 वनडे खेल चुके हैं लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं हुआ। सलामी बल्लेबाज गिल को आज डेब्यू का मौका मिल सकता है। वहीं, मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और दीपक हुड्डा दमखम दिखाएंगे। 

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह कर सकते हैं। उनका साथ तेज गेंदबाज उमरान मलिक और हर्षल पटेल दे सकते हैं। मुख्य स्पिनर के रूप में युजवेंद्र चहल को आजमाया जा सकता है। उनके जोड़ीदार स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर होंगे। सुंदर बॉलिंग के अलावा निचलेक्रम में बल्ले से धमाल मचाने का माद्दा रखते हैं।

श्रीलंका इस प्लेयर को देगा मौका?

श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। श्रीलंका टीम उन्हीं खिलाड़ियों पर भरोसा जता सकती है, जो टी20 विश्व कप 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरे थे। हालांकि, टीम टॉस के समय कोई सरप्राइज भी दे सकती है। तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका की जगह प्रमोद मदुशन को मौका मिल सकता है। इसके अलावा, बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो के भी अंतिम एकादश में जगह बनाने के चांस हैं। फर्नांडो VS लंका प्रीमियर लीग में उम्दा प्रदर्शन किया था।